नेपाल कनेक्शन सहित उत्तराखंड और गुजरात से 6 आरोपी गिरफ्तार
अंबागढ़ चौकी:-
जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी पुलिस ने शेयर ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का झांसा देकर 1 करोड़ 49 लाख 50 हजार रुपये की अंतर्राज्यीय साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। मामले में नेपाल कनेक्शन भी सामने आया है। पुलिस ने उत्तराखंड और गुजरात से 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
प्रार्थी कुनाल अग्रवाल, निवासी वार्ड क्रमांक 14 गंज लाइन अंबागढ़ चौकी ने 2 जनवरी 2026 को थाना अंबागढ़ चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 9 नवंबर 2025 से 6 दिसंबर 2025 के बीच अज्ञात व्यक्तियों ने मोबाइल नंबर 9866782961 एवं 7382164299 के माध्यम से शेयर ट्रेडिंग में निवेश का झांसा देकर पंजाब नेशनल बैंक और एचडीएफसी बैंक खातों से कुल 1,49,50,000 रुपये की ठगी की।
रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 03/2026 के तहत धारा 318(4) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। तकनीकी विश्लेषण एवं आई4सी पोर्टल से प्राप्त जानकारी में संबंधित खातों के विरुद्ध एक से अधिक शिकायतें मिलने पर धारा 317(4) बीएनएस भी जोड़ी गई। जांच में पता चला कि आरोपियों ने प्रार्थी से पांच अलग-अलग खातों में राशि जमा कराई और बाद में रकम को अन्य खातों में ट्रांसफर कर चेक तथा एटीएम के माध्यम से निकासी की।
लोकेशन ट्रेस होने पर पुलिस टीमों ने रुद्रपुर (जिला उधमसिंह नगर, उत्तराखंड), अहमदाबाद, राजकोट और सूरत (गुजरात) में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मनोज कुमारजी (27) निवासी कोडप्पा लेआउट जिला बैंगलोर कर्नाटक, सनातन मंडल (32) निवासी ग्राम रजपुरा नंबर 02 थाना गदरपुर जिला उधमसिंह नगर उत्तराखंड, योगेंद्र सिंह (25) निवासी दिनेशपुर जिला उधमसिंह नगर उत्तराखंड, युसुफ संधवानी (21) निवासी जिला राजकोट गुजरात, राहुल गुप्ता (26) निवासी ग्राम माधोपुरा जिला अहमदाबाद गुजरात तथा गौतम भाई बागड़ा (20) निवासी हरिदर्शन सोसाइटी श्रमरेज जिला सूरत गुजरात को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों का संपर्क काठमांडू (नेपाल) के व्यक्तियों से होना सामने आया है। आरोपियों के कब्जे से विभिन्न बैंकों के पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड, 7 मोबाइल फोन और 10 सिम कार्ड जब्त किए गए हैं। सभी आरोपियों को स्थानीय न्यायालय में प्रस्तुत कर ट्रांजिट रिमांड पर लाया गया और बाद में अंबागढ़ चौकी न्यायालय में पेश किया गया। मामले में नेपाल कनेक्शन को लेकर विस्तृत जांच जारी है।


