भाजपा में जारी घमासान, आज सामूहिक इस्तीफा देंगे भाजपाई.
राजनांदगांव। ग्राम पंचायत सोमनी के सरपंच के खिलाफ पंचो द्वारा अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने से पार्टी में हडक़ंप मच हुआ है। आलम यह है कि, सरपंच के क्रियाकलाप से नाराज़ 16 पंचों द्वारा पार्टी से इस्तीफा दिए जाने की नौबत तक पहुंच गई है। बता दें कि, राजनांदगांव विधायक व छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के ग्राम पंचायत क्षेत्र सोमनी में भाजपाइयों के बीच घमासान मचा हुआ है। वहां के 16 पंचों द्वारा अपने सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाते हुए इस्तीफा देने का मन बना लिया है। जो एक प्रेस वार्ता आयोजित कर देने वाले हैं। बताया जाता है कि ग्राम पंचायत सोमनी में सरपंच को हटाने के लिए धारा 40 के तहत अविश्वास प्रस्ताव लाया गया है। उक्त हेतु 20 मार्च को मतदान की प्रक्रिया होनी थी लेकिन तिथि आगे बढऩे से यह 25 तारीख हो गई। ग्राम पंचायत के पंचों द्वारा सरपंच नीलिमा साहू के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की वजह उनके क्रियाकलाप व असंतोषजनक रवैया बताया जा रहा है। जिसके चलते 18 में से 16 पंचों ने सरपंच नीलिमा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और अविश्वास प्रस्ताव लाने मजबूर हुए हैं।
पंचायत बैठक में हुआ जबरदस्त हंगामा
सूत्रों की मानें तो 25 मार्च बुधवार को आयोजित ग्राम पंचायत की बैठक में सरपंच के खिलाफ खूब हंगामा देखने को मिला। पीठासीन के अनुपस्थिति से यह हंगामेदार रही बैठक वोट करने की प्रक्रिया आगे टल गई, जिसे लेकर पंच नाराज हो गए और उन लोगों ने सामूहिक रूप से इस्तीफा देने का मन बनाया है।
बताते चलें कि, सोमनी ग्राम पंचायत के 19 पंचों में से 16 पंच सरपंच के विरोध में खड़े हो गए। जिनके द्वारा भाजपा से इस्तीफा देने का मन बना लिया गया है। इस बीच ग्राम पंचायत सरपंच नीलिमा साहू का बयान सामने आया है जिसमें उनके द्वारा कहा गया है कि, उक्त सभी पंच भाजपा समर्पित है पर कांग्रेस नेता द्वारा उन्हें बरगलाया जा रहा है। उन्हें भाजपा से इस्तीफा देने के लिए मार्गदर्शन दिया जा रहा है। इस बात में कितनी सच्चाई है यह तो संगठन के पता करने का मामला है। फिलहाल 16 पंचों द्वारा अपने सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने व इस्तीफा देने का मन बना लिए जाने से पार्टी के अंदर चल रही घमासान सतह पर आ गई है। देखना यह है कि, अपने सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाए पंचों द्वारा प्रेस वार्ता कर पार्टी से इस्तीफा देते हैं या नहीं।



