व्यापारियों ने बजट पूर्व बैठक में रखे अहम प्रस्ताव : बड़े उद्योग, चौड़ी सडक़ें और आधुनिक व्यावसायिक परिसर पर जोर
राजनांदगांव। नगर निगम के आगामी बजट को लेकर व्यापारियों की प्रमुख संस्था कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने शहर के भविष्य और व्यापारिक हितों को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण प्रस्ताव शासन-प्रशासन के सम्मुख रखे हैं। बजट पूर्व आयोजित इस विशेष बैठक में कैट प्रतिनिधियों ने संस्कारधानी को औद्योगिक और बुनियादी ढांचे के मामले में सुदृढ़ बनाने के लिए कई दूरगामी सुझाव दिए हैं। व्यापारियों ने राजनांदगांव (राजाओं की नगरी) की कनेक्टिविटी को आधुनिक बनाने के लिए रायपुर से राजनांदगांव तक मेट्रो रेल संचालन की मांग प्रमुखता से उठाई है। प्रतिनिधियों का तर्क है कि मेट्रो शुरू होने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि राजधानी और संस्कारधानी के बीच व्यापारिक गतिविधियों में क्रांतिकारी बदलाव आएगा। बैठक में शहर की एक पुरानी मांग को दोहराते हुए बड़े उद्योग की स्थापना पर जोर दिया गया। कैट पदाधिकारियों ने कहा कि स्थानीय स्तर पर बड़े उद्योगों के आने से युवाओं का पलायन रुकेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। जिससे शहर की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
व्यापारियों ने शहर की आंतरिक व्यवस्थाओं को लेकर निम्नलिखित सुझाव दिए। सुव्यवस्थित यातायात प्रणाली लागू करने की मांग की गई ताकि बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही आसान हो सके और व्यापार में रौनक लौटे। भविष्य की जरूरतों को देखते हुए सभी प्रमुख मार्गों को चौड़ा करने का प्रस्ताव रखा गया। छोटे और बड़े व्यापारियों को एक ही छत के नीचे व्यवस्थित स्थान देने के लिए आधुनिक व्यावसायिक परिसर के निर्माण की आवश्यकता बताई गई। बैठक में प्रदेश संरक्षक अनिल बरडिया, जिला अध्यक्ष राजू डागा, संजय तेजवानी, भावेश अग्रवाल, संजय लड्ढा और मीडिया प्रभारी लक्ष्मण लोहिया सहित सागर चितलांग्या, विकास साहू, बादल साहू, आलोक बिंदल, अमित खंडेलवाल, राजेश जैन, प्रतीक अग्रवाल, प्रकाश कांकरिया व अशोक पांडे उपस्थित रहे। सभी व्यापारियों ने एक स्वर में कहा कि यदि इन प्रस्तावों को बजट में प्राथमिकता मिलती है, तो राजनांदगांव समृद्धि की ओर तेजी से अग्रसर होगा।



