Home छत्तीसगढ़ डोंगरगढ़ के अर्शवीर भाटिया का बीसीसीआई के विशेष कैंप में चयन,...

डोंगरगढ़ के अर्शवीर भाटिया का बीसीसीआई के विशेष कैंप में चयन, बेंगलुरु में लेंगे प्रशिक्षण…

26
0

विजय मर्चेंट ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन का मिला फल, देश के टॉप-25 खिलाडिय़ों में मिली जगह

राजनांदगांव (दावा)। संस्कारधानी के खेल गलियारों में एक बार फिर खुशी की लहर है। जिला क्रिकेट एसोसिएशन के प्रतिभावान युवा खिलाड़ी अर्षवीर भाटिया का चयन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा संचालित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस प्रशिक्षण केंद्र बेंगलुरु के विशेष कैंप के लिए हुआ है। अर्षवीर ने बीसीसीआई द्वारा आयोजित विजय मर्चेंट ट्रॉफी में अपनी फिरकी का ऐसा जादू चलाया कि चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। उन्होंने प्रतियोगिता के मात्र 6 मैचों में 27 विकेट चटकाकर देश के 10 सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों की सूची में 7वां स्थान हासिल किया है। उनके इस शानदार प्रदर्शन में दो बार पारी में 4-4 विकेट और एक बार 5 विकेट लेने का कीर्तिमान शामिल है।

अनोखी गेंदबाजी शैली : चाइनामेन गेंदबाज
मूलत: डोंगरगढ़ के रहने वाले अर्षवीर भाटिया अपनी विशिष्ट आर्थोडॉक्स चाइनामेन पद्धति के लिए जाने जाते हैं। उनकी इस अनोखी गेंदबाजी शैली ने बड़े-बड़े बल्लेबाजों को छकाया है। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित अंतर-जिला प्रतियोगिताओं में भी उन्होंने लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य की टीम में अपनी जगह पक्की की थी। जिला क्रिकेट एसोसिएशन के प्रवक्ता लक्ष्मण लोहिया ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि बीसीसीआई ने छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ को पत्र भेजकर अर्षवीर के चयन की आधिकारिक सूचना दी है। यह प्रतिष्ठित कैंप बेंगलुरु में 18 मई से 13 जून तक आयोजित किया जाएगा। जिसमें देश भर के सर्वश्रेष्ठ 25 खिलाडिय़ों को तराशा जाएगा। बीसीसीआई ने खिलाड़ी की फिटनेस और फिजिकल रिपोर्ट भी मांगी है। अर्षवीर की इस उपलब्धि पर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों, खेलप्रेमियों और डोंगरगढ़ वासियों ने उन्हें बधाई दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि बीसीसीआई के इस विशेष ट्रेनिंग सेंटर में प्रशिक्षण लेने के बाद अर्षवीर के खेल में और निखार आएगा। जो भविष्य में उन्हें भारतीय टीम के और करीब ले जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here