लखोली नाका चौक से मुक्तिधाम तक हर पल लग रहा जाम, यातायात विभाग ने भारी वाहनों के प्रवेश पर लगाई रोक
राजनांदगांव (दावा)। शहर के पुराना गंज चौक से आगे लखोली नाका (मुक्तिधाम) से लेकर लखोली रोड तक इन दिनों यातायात व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर चुकी है। भारी वाहनों के बेधडक़ प्रवेश और संकरी सडक़ पर लोडिंग-अनलोडिंग के चलते इस क्षेत्र के हजारों रहवासी रोजाना नरकीय जाम से जूझने को मजबूर हैं।
खासकर सुबह 10 से 12 और शाम के समय इस मार्ग से गुजरना किसी टेढ़ी खीर से कम नहीं है। लखोली रोड पर स्थित बड़ी दुकानों और गोदामों के लिए माल लेकर आने वाले भारी वाहन बीच सडक़ पर ही आड़े-तिरछे खड़े कर दिए जाते हैं। लखोली नाका चौक से आगे ढाल वाले हिस्से में स्थिति और भी विकट हो जाती है। भारी वाहनों के कारण रास्ता पूरी तरह ब्लॉक हो जाता है। जिससे लखोली, कन्हारपुरी, जनता कॉलोनी, बैगा पारा और राहुल नगर की ओर जाने वाले लोग घंटों जाम में फंसे रहते हैं।
ठंडे बस्ते में गई सडक़ चौड़ीकरण की मांग
क्षेत्र में बढ़ती आबादी और व्यावसायिक गतिविधियों के कारण रोड काफी संकरा हो गया है। स्थानीय नागरिकों ने पूर्व में लखोली नाका से कन्हारपुरी तक सडक़ चौड़ीकरण की जोरदार मांग उठाई थी, लेकिन प्रशासन की अनदेखी के चलते यह फाइल ठंडे बस्ते में चली गई। जाम के कारण इस मार्ग पर छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं भी आम हो गई हैं। जनसुविधा को देखते हुए एक बार फिर सडक़ चौड़ीकरण की मांग तेज होने लगी है।
यातायात विभाग ने दी दबिश
लगातार मिल रही शिकायतों और जनता की परेशानी को देखते हुए यातायात विभाग ने अब सख्त रुख अपनाया है। विभाग ने इस मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश को प्रतिबंधित करने का निर्णय लिया है, ताकि छोटे वाहनों और राहगीरों को राहत मिल सके।



