Home छत्तीसगढ़ खेल मैदानों को मटियामेट करने की तैयारी, प्रशासन और प्रबंधन के प्रति...

खेल मैदानों को मटियामेट करने की तैयारी, प्रशासन और प्रबंधन के प्रति खिलाडिय़ों में भारी आक्रोश…

26
0

म्यूनिसिपल स्कूल मैदान बदहाल, अब स्टेट स्कूल मैदान पर मेला-मंडई का साया, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

राजनांदगांव (दावा)। शहर की खेल संस्कृति की पहचान माने जाने वाले ऐतिहासिक खेल मैदानों पर अब संकट के बादल मंडराने लगे हैं। दानवीर राजाओं द्वारा शिक्षा और खेल के लिए समर्पित किए गए म्यूनिसिपल और स्टेट स्कूल मैदान अब व्यावसायिक आयोजनों के केंद्र बनते जा रहे हैं। खिलाडिय़ों का आरोप है कि स्थानीय प्रशासन और स्कूल प्रबंधन इन मैदानों को संरक्षित करने के बजाय इन्हें मेला-मंडई के लिए उपलब्ध करा रहे हैं। जिससे संस्कारधानी की खेल प्रतिभाओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। खिलाडिय़ों ने बताया कि म्यूनिसिपल स्कूल मैदान, जो कभी अभ्यास का मुख्य केंद्र था, आज उपेक्षा का शिकार है। ग्रीन ग्रास बिछाने के नाम पर मैदान की स्थिति बिगाड़ दी गई। फेंसिंग क्षतिग्रस्त होने के कारण अब यह मैदान खिलाडिय़ों के अभ्यास के बजाय दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए आम रोड बन चुका है। इससे न केवल मैदान की गुणवत्ता खत्म हो रही है। बल्कि अभ्यास के दौरान दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है।

भिलाई की संस्था का आयोजन प्रस्तावित
अब खिलाडिय़ों के पास एकमात्र सहारा स्टेट स्कूल मैदान बचा है, लेकिन यहां भी भिलाई की एक निजी संस्था द्वारा राजनांदगांव मड़ई के नाम पर आयोजन प्रस्तावित है। इसके विरोध में फुटबॉल एसोसिएशन के मदन यादव, शशांक सोनी और वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में खिलाडिय़ों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा है। खिलाडिय़ों का कहना है कि व्यावसायिक आयोजनों के कारण मैदान में गड्ढे हो जाते हैं और गंदगी फैलती है। जिससे महीनों तक अभ्यास बाधित रहता है।

वरिष्ठ खिलाडिय़ों की मांग : आयोजन को कहीं और शिफ्ट करें
खिलाडिय़ों ने प्रशासन से पुरजोर अपील की है कि स्टेट स्कूल मैदान को केवल खेल गतिविधियों के लिए सुरक्षित रखा जाए। यदि यहाँ मड़ई का आयोजन होता है, तो खिलाडिय़ों के पास अभ्यास के लिए शहर में कोई जगह नहीं बचेगी। उन्होंने इस प्रस्तावित आयोजन को किसी अन्य खुले स्थान पर शिफ्ट करने की मांग की है।

मैदान फिलहाल नहीं दिया जा रहा : प्राचार्य
इस दौरान महंत राजा बलराम दास शास. उच्च. माध्य. शाला राजनांदगांव के प्राचार्य माधो सिंह ने कहा कि इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा भी आपत्ति दर्ज कराई गई है। फिलहाल स्टेट स्कूल का मैदान उक्त आयोजन (मड़ई) के लिए नहीं दिया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here