० गृहप्रवेश कार्यक्रम से लौटते वक्त अज्ञात मालवाहक ने बाइक को मारी टक्कर, 500 मीटर तक घसीटा
० घटना के तीन दिन बाद भी डोंगरगांव पुलिस के हाथ खाली, अब तक दर्ज नहीं हुई एफआईआर
डोंगरगांव (दावा)। नगर के मटिया वार्ड में गृहप्रवेश के लिए पहुंचे दंपत्ति की वापसी के दौरान दर्दनाक सडक़ दुर्घटना एक शिक्षिका के मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनके पति और पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रिफर किया गया है। इस मामले में डोंगरगांव पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच कर रही है और एफआईआर दर्ज नहीं हुआ है। वहीं घटना के तीन दिन बीतने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि 24 अप्रैल शुक्रवार की रात्रि करीब 10 बजे स्टेट हाईवे में ग्राम मोहड़ चौक के पास शिक्षक दंपत्ति अपने मोटर साईकिल क्रमांक सीजी 08 एच 1357 द्वारा डोंगरगांव(मटिया) से अपने निवास अंबागढ़ चौकी की ओर जा रहे थे कि तभी पीछे से तेजगति से आ रहे एक मालवाहक ने मोटर साईकिल को जबदस्त टक्कर मारकर करीब 500 मीटर घसीटते हुए ले गया। ग्राम मोहड़ ब्रेकर में यह बाईक इस मालवाहक से अलग हुआ। वहीं तेज आवाज और रोड में घिसटने की चिंगारी के वजह से सडक़ किनारे निवास रहने वाले ग्रामीण घटना स्थल पर पहुुंचे और देखा कि महिला शिक्षिका शांता सिन्हा 55 वर्ष घटना स्थल से काफी दूर मृत अवस्था में पड़ी थी। वहीं उनके पति अश्वनी सिन्हा पिता बृजलाल 58 वर्ष व उनकी पुत्री एकता सिन्हा 22 वर्ष पिता अश्वनी दोनों रोड में बदहवास स्थिति में गंभीर हालत में पड़े थे। ग्रामीणों ने जैसे-तैसे उनके संपर्क के लोगों को घटना की सूचना दी और दोनों घायलों को डोंगरगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया गया। जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उच्च अस्पताल रिफर कर दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार शिक्षिका शांता सिन्हा के सिर में गंभीर चोट लगने की वजह से मौके पर ही मृत्यु हो गई। जबकि उनके पति अश्वनी के हेलमेट पहनने के कारण उनका सिर बच गया। किन्तु शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट आई है और उन्हें एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं उनकी पुत्री एकता के कमर में गंभीर चोट आने से वह भी बेहतर इलाज के लिए रायपुर के ही निजी अस्पताल में भर्ती है।



