० कार में रखी डियो स्प्रे की बोतल बनी बम, भीषण गर्मी के चलते हुआ हादसा
० मोहला-मानपुर प्रवास पर थीं अध्यक्ष अंजू त्रिपाठी, बाल-बाल बची जान
डोंगरगांव (दावा)। रविवार को नगर पंचायत अध्यक्ष की कार में जोरदार धमाका हुआ। जिससे कार के पीछे का शीशा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। साथ ही कार के लगे पर्दे और अन्य एसेसरीज जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। राहत की बात यह है कि जिस समय कार में ब्लॉस्ट हुआ। उस दौरान उसमें कोई भी मौजूद नहीं था। वहीं थोड़ी देर पहले ही नगर पंचायत अध्यक्ष अंजू त्रिपाठी अपने राजनैतिक प्रवास में दूसरे कार से वनांचल क्षेत्र मोहला-मानपुर गई हुई थी।
जबकि उनकी कार नगर पंचायत डोंगरगांव परिसर में खड़ी हुई थी। बताया जा रहा है कि उक्त कार के पीछे हिस्से में पानी एवं ड्यो स्पे्र की बॉटल रखी हुई थी। जो कि तेज गर्मी से फूलकर ब्लॉस्ट हो गई। इस संदर्भ में नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती त्रिपाठी ने बताया कि घटना के दौरान कार में कोई भी मौजूद नहीं था। कार के पिछले कांच में धमाके से सामान्य नुकसान हुआ है। वहीं अवकाश होने के कारण परिसर खाली था। अन्यथा उपस्थितजनों को चोट लग सकती थी।
जानिए क्यों हुआ ब्लॉस्ट
बता दें कि क्षेत्र में इन दिनों भीषण गर्मी की मार है और वर्तमान में 45 डिग्री तक पारा छू रहा है। जानकारों के अनुसार कार एवं अन्य वाहनों में धूप में पार्किंग के दौरान अंदर का तापमान बाहरी तापमान अधिक हो जाता है एवं इस दौरान कार में रखे तरल पदार्थों के कंटेनर बॉटल एवं अन्य में गर्मी से अंदर दबाव तेजी से बढ़ता है और दबाव के चलते ब्लॉस्ट की संभावना बढ़ जाती है। साथ ही जानकारों ने हिदायत दी है कि किसी भी प्रकार के तरल विशेष रूप से एल्कोहल एवं अन्य रसायनिक पदार्थों से गर्मी के दिनों में कार एवं अन्य वाहनों में रखने से बचाना चाहिए।



