Home छत्तीसगढ़ 50 हजार की आबादी की जान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं – जितेंद्र...

50 हजार की आबादी की जान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं – जितेंद्र मुदलियार…

14
0

रेलवे स्टेशन पहुंच कांग्रेस का घेराव, एक सप्ताह में सुधार नहीं तो चक्काजाम आंदोलन की चेतावनी

राजनांदगांव (दावा)। शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार के नेतृत्व में गुरुवार को स्टेशनपारा, गौरीनगर, चिखली एवं पटरीपार क्षेत्र के वार्डवासियों तथा कांग्रेस पदाधिकारियों ने रेलवे स्टेशन पहुंचकर स्टेशन प्रबंधक का घेराव किया। इस दौरान स्टेशनपारा एवं गौरीनगर अंडरब्रिज निर्माण में हो रही भारी देरी तथा चिखली ओवरब्रिज की जर्जर स्थिति को लेकर रेलवे और लोक निर्माण विभाग के खिलाफ तीखा आक्रोश जताया गया।
जितेंद्र मुदलियार ने कहा कि पिछले तीन वर्षों से स्टेशनपारा और गौरीनगर अंडरब्रिज का निर्माण अधूरा पड़ा हुआ है, जिसके कारण लगभग 50 हजार की आबादी को जान जोखिम में डालकर जर्जर ओवरब्रिज से आवागमन करना पड़ रहा है। ट्रिपल इंजन सरकार में आज तक नए ओवरब्रिज निर्माण की भी कोई योजना धरातल पर नहीं आ सकी। यह सीधे तौर पर आम जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि ओवरब्रिज की मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग रेलवे को जिम्मेदार बताकर पल्ला झाड़ रहा है और रेलवे पीडब्ल्यूडी पर जिम्मेदारी थोप रहा है। दोनों विभागों की लापरवाही और उदासीनता का खामियाजा आम जनता भुगत रही है। पटरीपार क्षेत्र के चिखली, स्टेशनपारा, गौरीनगर, शांति नगर, शंकरपुर, शिक्षक नगर, मोतीपुर और नया ढाबा सहित अनेक मोहल्लों के नागरिक प्रतिदिन हादसे के खतरे के बीच शहर आने-जाने मजबूर हैं। मुदलियार ने कहा कि वर्तमान में आवागमन के लिए बचा एकमात्र ओवरब्रिज पूरी तरह जर्जर हो चुका है। ओवरब्रिज में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं है, सडक़ उखड़ चुकी है, डिवाइडर क्षतिग्रस्त होकर सडक़ तक फैल गए हैं और उन्हें रंगा तक नहीं गया है, जिसके कारण रात के समय दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है। आए दिन यहां दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग आंख मूंदकर बैठे हुए हैं। उन्होंने स्टेशन प्रबंधक आर.के. बर्मन के समक्ष सख्त लहजे में मांग रखते हुए कहा कि, ओवरब्रिज की तत्काल मरम्मत कर नागरिकों को राहत दी जाए तथा अधूरे अंडरब्रिज निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वार्डवासियों के साथ ओवरब्रिज में चक्काजाम से लेकर रेल रोको का उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी रेलवे प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की होगी। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के दबाव के बाद स्टेशन प्रबंधक द्वारा लोक निर्माण विभाग के एसडीओ से दूरभाष पर चर्चा कर ओवरब्रिज मरम्मत के संबंध में जानकारी ली गई। वहीं रेलवे अधिकारियों ने भी अंडरब्रिज निर्माण कार्य को लेकर जल्द सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया। इस दौरान प्रदेश सचिव मेहुल मारु, इकरामुद्दीन सोलंकी, कमलजीत सिंह पिंटू, प्रेम रुचंदानी, अशोक पंजवानी, मनीष गौतम, वीरेंद्र चंद्राकर, शरद खंडेलवाल, देवेश वैष्णव, चेतन भानुशाली, लक्ष्मण साहू, डॉ पोषण लाल साहू, राजा यादव, पूर्णिमा नागदेवे, आसिफ, शिवम गढ़पायले, गोलू नायक, तन्नू कोटडिय़ा सहित अन्य पदाधिकारी व वार्डवासी मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here