पदाधिकारियों का होगा शपथ ग्रहण
छुईखदान (दावा)। जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक कांग्रेस कार्यालय छुईखदान में आयोजित की गई। बैठक में आगामी 14 मई को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के छुईखदान आगमन एवं जिले भर के जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कोमल साहू ने पांच प्रमुख एजेंडा प्रस्तुत किए, जिन पर चर्चा उपरांत सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक में संगठन सृजन अभियान के तहत पंचायत/वार्ड कमेटी एवं बूथ कमेटी गठन कार्य की ब्लॉकवार समीक्षा की गई। साथ ही जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों के कार्य एवं जवाबदेही का विभाजन कर पूर्णकालिक प्रभार तय करने पर चर्चा हुई। इसके अलावा जिले भर में गठित जिला कांग्रेस, ब्लॉक कांग्रेस, मंडल, सेक्टर, पंचायत/वार्ड एवं बूथ स्तर के पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह के आयोजन एवं उसकी आवश्यक तैयारियों पर विचार-विमर्श किया गया। प्रदेश कांग्रेस से प्राप्त निर्देशानुसार जिला, ब्लॉक, मंडल, सेक्टर, पंचायत/वार्ड एवं बूथ स्तर पर नियमित बैठक आयोजन को लेकर भी चर्चा की गई। बैठक में केंद्र की भाजपा सरकार पर महिला आरक्षण बिल के नाम पर भ्रामक जानकारी फैलाने का आरोप लगाते हुए जनमानस के बीच जाकर केंद्र सरकार की कथित ‘झूठी बातों को बेनकाब’ करने की रणनीति पर भी चर्चा की गई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस के कार्य, सदस्य, पूर्व विधायक, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रामकुमार पटेल, संदीप सिरमौर, तेजराम वर्मा, राजेन्द्र ठाकरे, आकाशदीप (गोल्डी), भीखम छाजेड़, सज्जाक खान, जिला महामंत्री सुदीप श्रीवास्तव, संजय महोबिया, सुशीलकांत पाण्डे, संजू चंदेल, मोहम्मद खान, अशोक साहू, रिंकू गुप्ता, चंद्रेश यदु, टीकम साहू, देवकांत यदु, शिवानंद यादव, नीलांबर वर्मा जिला पंचायत प्रतिनिधि सहित जिला कांग्रेस कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।



