० 93.16 प्रतिशत और 92.8 प्रतिशत के साथ बेटियों ने रचा सफलता का इतिहास
० सीमित संसाधनों में बड़ी उपलब्धि, गैदाटोला की बेटियों की उड़ान
छुरिया (दावा)। गैदाटोला क्षेत्र के विद्यालयों में अध्ययनरत मेधावी छात्राओं ने इस वर्ष बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। गेंदाटोला की प्रतिभाशाली छात्रा गीतांजलि चंद्रवंशी ने कक्षा 10वीं में 93.16 प्रतिशत अंक (गणित में 99 अंक) व हालेकोसा की बेटी वंशीका साहू कक्षा 12वी में 92 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शानदार सफलता हासिल की है। वहीं जोशीलमती की होनहार छात्रा रुचिता साहू ने कक्षा 12वीं में 92.8 प्रतिशत अंक अर्जित कर जिले की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त किया है।
इन दोनों छात्राओं की सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीण परिवेश में रहते हुए सीमित संसाधनों के बावजूद इन बेटियों ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से यह उपलब्धि हासिल की है, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस अवसर पर जिला पंचायत राजनांदगांव की अध्यक्ष श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव ने छात्राओं से उनके निवास स्थान पहुंचकर मुलाकात की और उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही इस अवसर पर भाजपा मंडल गैंदाटोला अध्यक्ष खिलेश्वर साहू, गैदाटोला भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय अग्रवाल, सरपंच प्रतिनिधि कमल गुप्ता, ग्राम चिरचारीकला के उप संरपंच पप्पू महराज, भाजपा मंडल गैंदाटोला उपाध्यक्ष कुमार साय साहू, भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र निर्मलकर, सोशल मीडिया प्रभारी सहकारिता प्रकोष्ठ गौरव अग्रवाल भी उपस्थित रहे।
श्रीमती वैष्णव ने छात्राओं का सम्मान करते हुए कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। उनकी यह सफलता माता-पिता, गुरुओं के मार्गदर्शन और स्वयं के अथक परिश्रम का परिणाम है। बेटियां ही देश का भविष्य हैं।
उन्होंने आगे कहा कि, शासन की मंशा है कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी बेहतर शिक्षा और अवसर मिलें, ताकि वे अपनी प्रतिभा को निखार सकें और जीवन में ऊंचाइयों को प्राप्त करें। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों से भी इन छात्राओं से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान परिजन एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने छात्राओं की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



