Home छत्तीसगढ़ न्यायिक कर्मचारियों को बड़ी सौगात: चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा ने राजनांदगांव के...

न्यायिक कर्मचारियों को बड़ी सौगात: चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा ने राजनांदगांव के पेण्ड्री में आवासीय कॉलोनी का किया लोकार्पण..

20
0

राजनांदगांव(दावा)। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा ने न्यायिक कर्मचारियों को आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवासीय कॉलोनी का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर न्यायमूर्ति नरेन्द्र कुमार व्यास, पोर्टफोलियो न्यायाधीश राजनांदगांव की वर्चुअल माध्यम से उपस्थिति रही।
चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा ने अपने उद्बोधन में कहा कि न्यायिक कर्मचारियों के लिए समुचित एवं आधुनिक आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना न्यायिक व्यवस्था को अधिक सक्षम एवं प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक है। मुख्य न्यायााधीश महोदय के द्वारा यह विशेष रूप से व्यक्त किया गया कि छत्तीसगढ़ की समस्त जिला न्यायपालिका को सर्वोत्तम अधोसंरचना प्रदान करने हेतु उच्च न्यायालय प्रतिबद्ध है। जिला एवं बाह्य न्यायपालिका के पक्षकार, अधिवक्तागण, न्यायालयीन अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण को बेहतर सुविधायुक्त एवं आधुनिक अधोसंरचना प्राप्त होने से बेहतर कार्य-वातावरण निर्मित होगा।

न्यायिक प्रक्रिया होगी सुलभ
उन्होंने आगे कहा कि, न्यायिक प्रक्रिया में तेजी के साथ उच्च गुणवत्तायुक्त न्याय सुविधापूर्वक सुलभ हो सकेगा। जब न्यायिक अधिकारी एवं कर्मचारी बेहतर आवासीय एवं कार्य वातावरण प्राप्त करते हैं, तब वे अधिक समर्पण एवं दक्षता के साथ न्यायिक दायित्वों का निर्वहन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका की अधोसंरचना का विकास केवल न्यायालय भवनों तक सीमित नहीं है। बल्कि न्यायिक अधिकारीगण, कर्मचारीगण, अधिवक्तागण एवं पक्षकारों के कल्याण हेतु आवश्यक सुविधाओं का विकास भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

81 आवासों का किया लोकार्पण
चीफ जस्टिस ने कहा कि पेंड्री स्थित न्यायिक कर्मचारियों हेतु निर्मित 81 आवासीय क्वार्टर आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हैं। जिनका निर्माण उच्च गुणवत्ता के मानक एवं कर्मचारियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए किया गया है। जी-टाइप के 13, एच-टाइप के 41 एवं आई-टाइप के 27, कुल 81 आवासों के लोकार्पण से न्यायिक कर्मचारियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं गरिमापूर्ण आवासीय वातावरण प्राप्त होगा, जिससे उनके कार्य निष्पादन की गुणवत्ता में सकारात्मक वृद्धि होगी।

चीफ जस्टिस ने अधिकारियों के कार्यों को सराहा
उन्होंने निर्माण कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों एवं एजेंसियों के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे न्यायपालिका को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने आवास प्राप्त करने वाले कर्मचारियों से इन क्वार्टरों का रखरखाव अपने घर की भाँति करने का आग्रह किया। जिससे भविष्य में यहाँ निवास करने आने वाले अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

चीफ जस्टिस द्वारा न्यायिक व्यवस्था
के लिए किए जा रहे काम
उल्लेखनीय है कि चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा के द्वारा सम्पूर्ण छत्तीसगढ़ राज्य में जिला एवं बाह्य न्यायालयों की न्यायिक अधोसंरचना के विकास हेतु दूरदर्शी एवं सकारात्मक प्रयास किए जा रहे हैं। जिसके परिणामस्वरूप राज्य की जिला न्यायपालिका की अधोसंरचना उच्चतम मानकों की ओर अग्रसर हो रही है एवं सम्पूर्ण राज्य में न्यायिक अधिकारी एवं कर्मचारियों की कार्यक्षमता में वृद्धि होने के साथ पक्षकारों को सुविधायुक्त वातावरण शीघ्र न्याय प्राप्त करने की परिकल्पना साकार हो रही है। उपरोक्त लोकार्पण कार्यक्रम की शुरुआत प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजनांदगांव के स्वागत भाषण से हुई और समापन मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राजनांदगांव के धन्यवाद ज्ञापन से हुआ। इस कार्यक्रम में छ.ग. उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल, रजिस्ट्री के अधिकारीगण वर्चुअल माध्यम से जिला न्यायालय राजनांदगांव के न्यायिक अधिकारीगण, कर्मचारीगण एवं अधिवक्तागण, प्रशासनिक अधिकारीगण, इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के प्रतिनिधि शामिल थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here