Home छत्तीसगढ़ अधिक मास में श्याममय होगा राजनांदगांव…

अधिक मास में श्याममय होगा राजनांदगांव…

15
0

० 25 से 29 मई तक श्री खाटू धाम गायत्री विद्यापीठ में होगा श्याम भक्ति का विराट महोत्सव,
० देशभर के भजन गायक करेंगे बाबा को रिझाने का प्रयास

राजनांदगांव (दावा)। अधिक मास के पावन अवसर पर इस वर्ष राजनांदगांव पूरी तरह श्याममय होने जा रहा है। ‘अधिकस्य अधिक फलं’ की दिव्य भावना के साथ शहर में पहली बार पांच दिवसीय विराट श्याम भक्ति अमृत महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। 25 मई से 29 मई 2026 तक आयोजित होने वाले इस भव्य धार्मिक आयोजन में निशान यात्रा, अभिषेक पूजन, श्री श्याम चरित्र कथा, भव्य भजन संध्या, अखंड संकीर्तन एवं नौ कुण्डीय श्री श्याम महायज्ञ जैसे दिव्य कार्यक्रम होंगे। आयोजन स्थल श्री खाटू धाम गायत्री विद्या पीठ परिसर को आकर्षक एवं भव्य स्वरूप दिया जा रहा है।

25 मई को निकलेगी भव्य सूरजगढ़ निशान यात्रा
महोत्सव का शुभारंभ सोमवार 25 मई 2026 को शाम 5 बजे गायत्री मंदिर प्रांगण से भव्य सूरजगढ़ निशान यात्रा के साथ होगा। यह निशान यात्रा दासी श्याम कुटीर, रामाधीन मार्ग तक निकलेगी। यात्रा में ढोल-नगाड़ों, जयकारों, भजनों और निशानों के साथ हजारों श्याम भक्त शामिल होंगे। पूरे शहर में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत वातावरण निर्मित होगा।
इस विशेष अवसर पर सूरजगढ़ दरबार से श्याम भक्त श्री हजारी लाल जी इंदौरिया अपनी पूरी टीम के साथ शामिल होंगे। साथ ही श्री खाटू श्याम मंदिर राजस्थान के निज पुजारी सेवक परिवार से श्री मानवेन्द्र सिंह जी चौहान ‘काना भैया’ महाराज का आगमन भी भक्तों के लिए विशेष आकर्षण रहेगा।

लड्डू गोपाल एवं युगल सरकार का दिव्य अभिषेक २६ को
26 मई की सुबह 9 बजे से 10.30 बजे तक लड्डू गोपाल जी एवं युगल सरकार जी का भव्य संगीतमय अभिषेक पूजन होगा।

सात विद्वान ब्राह्मणों एवं आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यह दिव्य अनुष्ठान संपन्न कराया जाएगा। भक्तों को अलौकिक आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करने हेतु विशेष सजावट एवं पूजा व्यवस्था की जा रही है।
प्रतिदिन गूंजेगा श्याम नाम का संकीर्तन
26 मई से 28 मई तक प्रतिदिन शाम 4.30 बजे से 7.30 बजे तक कथावाचक अर्पित भाई शर्मा होंगे श्री श्याम चरित्र कथा का आयोजन होगा। इसके पश्चात रात्रि 8 बजे से प्रभु इच्छा तक भव्य भजन संध्या आयोजित की जाएगी, जिसमें देशभर से आए सुप्रसिद्ध भजन गायक बाबा श्री खाटू श्याम जी को रिझाएंगे।

भजन संध्या में वृंदावन से ब्रज रसिक पारस लाड़ला, खाटू श्याम जी से योगेश शर्मा, नई दिल्ली से मयूर रस्तोगी, नागपुर से पंकज उपाध्याय, गणेश शर्मा एवं आकाश यादव अपनी मधुर प्रस्तुतियां देंगे। विशेष रूप से 27 मई एकादशी की रात्रि भजन संध्या भक्तों के लिए अत्यंत आकर्षण का केंद्र रहेगी।
29 मई को होगा नौ कुण्डीय श्री श्याम महायज्ञ
महोत्सव का समापन 29 मई को प्रात: अभिषेक पूजन एवं शाम 4:30 बजे से भव्य नौ कुण्डीय श्री श्याम महायज्ञ एवं पूर्णाहुति के साथ होगा। इसके बाद कथा विराम एवं रात्रि 8 बजे से विशाल श्याम रसोई महाप्रसादी (भंडारा) का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण करेंगे।

देशभर से पहुंचेंगे श्याम भक्त
परम श्रद्धेय श्री नंदकिशोर शर्मा बंदू नैया जी के आशीर्वाद से आयोजित इस दिव्य महोत्सव में देशभर से श्याम भक्तों के पहुंचने की संभावना है। आयोजकों का मानना है कि यह आयोजन राजनांदगांव के धार्मिक इतिहास में एक नया अध्याय जोडऩे वाला साबित होगा।
सेवा में जुटा श्याम लखदातार सेवा परिवार
इस विशाल आयोजन को सफल बनाने के लिए श्री खाटू श्याम लखदातार सेवा परिवार के सदस्य पूरे उत्साह और समर्पण के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं। आयोजन व्यवस्था में प्रमुख रूप से अमित खण्डेलवाल, अमित शर्मा ट्रेवलर्स, राजू डागा, संजय तेजवानी, चंद्रिका प्रसाद सिन्हा, अभिषेक खण्डेलवाल, सुषमा सिंह, टीना खण्डेलवाल, ममता अवस्थी, निधि बाजपेयी, अर्चना दास, लता बंसोड़, रागिनी शर्मा, कीर्ति अग्रवाल एवं पिंकी खण्डेलवाल विशेष योगदान दे रहे हैं।

श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील
आयोजकों ने समस्त श्याम प्रेमियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ एवं पुण्य अर्जित करने की अपील की है। अधिक मास में आयोजित यह भव्य श्याम महोत्सव भक्तों के लिए आस्था, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुपम संगम साबित होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here