राजनांदगांव (दावा)। पूर्व मंत्री धनेश पाटिला ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि बढ़ती मंहगाई से देश की जनता त्रस्त और परेशान है और मोदी सरकार जनता को राहत पहुंचाने का प्रयास करना छोड़ कर जनता से अपील कर अपनी जवाबदारी व जिम्मेदारी से भाग रहे है।
श्री पाटिला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित उनके सभी मंत्रिगण पांच राज्यों में हुए चुनावों में इतने व्यस्त रहे की देश में बढ़ रही महंगाई को नियंत्रित करने उनके द्वारा न तो कोई कदम उठाया गया और न इस ओर ध्यान ही दिया गया।
वहीं पूंजीपतियों को छूट देकर उनकी संपत्ति बढ़ाने और जनता से टैक्स वसूली करने में व्यस्त रही मोदी सरकार गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को भूल चुकी है। यदि मोदी सरकार मुनाफाखोरों का साथ देना छोड़ कर समय पर महंगाई को नियंत्रित करने पर्याप्त कदम उठाती तो आम नागरिक महंगाई से त्रस्त और परेशान नहीं होते।
श्री पाटिला ने कहा कि भाजपा सरकार की अदूरदर्शिता का परिणाम ही है कि देश में पेट्रोल डीजल गैस सिलेंडर रासायनिक खाद दूध अनाज सब्जी सहित सभी दैनिक उपयोग के सामानों की कीमतें आसमान छू रही है।
पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के कारण परिवहन से लेकर दैनिक उपभोग की वस्तुओं के दाम में असीमित वृद्वि हो गयी है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में कमी होने के बावजूद आम नागरिकों को राहत नहीं देना केंद्र सरकार के जन विरोधी नीति का परिणाम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से पेट्रोल डीजल गैस खाद्य तेल उर्वरकों का उपयोग कम करने की अपील केंद्र सरकार की विफलता को दर्शाती है। इससे साबित होता है कि बढ़ती मंहगाई की स्थिति केंद्र सरकार के नियंत्रण से बाहर हो गई है।



