खैरागढ़ (दावा)। शहर के धनेली वार्ड में एक सूखे कुएं में गिरे बेजुबान बछड़े को खैरागढ़ पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की मुस्तैदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। इस रेस्क्यू ऑपरेशन में थाना खैरागढ़ में पदस्थ आरक्षक धनेश्वर ठाकुर ने अदम्य साहस और मानवता का परिचय देते हुए खुद गहरे कुएं में उतरकर बछड़े की जान बचाई। पुलिस की इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई की पूरे क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है।
मिली जानकारी के अनुसार धनेली वार्ड में एक लावारिस बछड़ा पिछले लगभग डेढ़ दिन से एक सूखे कुएं में गिरा हुआ था और बाहर निकलने के लिए तड़प रहा था। शुक्रवार को जब ग्रामीणों की नजर कुएं पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना डायल 112 के माध्यम से पुलिस को दी। सूचना मिलते ही आरक्षक क्रमांक 126 धनेश्वर ठाकुर बिना वक्त गंवाए तत्काल मौके पर पहुंचे। कुएं की गहराई और स्थिति गंभीर होने के बावजूद उन्होंने हौसला नहीं खोया। आरक्षक धनेश्वर खुद कुएं के भीतर उतरे और ग्रामीणों से रस्सी व साडय़िां मंगाकर बछड़े को बांधने के लिए एक सुरक्षित फंदा तैयार किया। इसके बाद ऊपर खड़े ग्रामीणों की मदद से बछड़े को बिना किसी चोट के सुरक्षित बाहर खींच लिया गया।
खाकी का मानवीय चेहरा : बेजुबानों की सुरक्षा के लिए भी तत्पर पुलिस
कुएं से बाहर आते ही बछड़े ने राहत की सांस ली। इस सफल रेस्क्यू को देखकर मौके पर मौजूद वार्डवासियों ने तालियां बजाकर खैरागढ़ पुलिस और आरक्षक धनेश्वर ठाकुर के साहस की सराहना की। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि खैरागढ़ पुलिस केवल कानून व्यवस्था ही नहीं, बल्कि आमजन के साथ-साथ बेजुबान पशुओं की सुरक्षा और सहायता के लिए भी निरंतर संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर खाकी का मानवीय और मददगार चेहरा समाज के सामने लाया है।



