० मुख्य अतिथि होंगे वित्त मंत्री ओपी चौधरी, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद व महापौर की मौजूदगी में सुलझेंगी व्यापारिक समस्याएं
० दवा दुकानों की हड़ताल को चेंबर का खुला समर्थन, लोकल फॉर वोकल को बढ़ावा देने ऑनलाइन सामानों के बहिष्कार की अपील
राजनांदगांव (दावा)। चेंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा कल 21 मई को नेशनल हाईवे में पेंड्री स्थित राज इंपीरियल होटल में जिला स्तरीय व्यापारिक महाधिवेशन का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इस संबंध में चेंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों ने प्रेस क्लब में पत्रकारवार्ता कर बताया कि इस सम्मेलन में क्षेत्रीय विधायक व छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद संतोष पाण्डे, पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा, महापौर मधुसूदन यादव, जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, विधायक प्रतिनिधि संतोष अग्रवाल, खूबचंद पारख, शहर कांग्रेस अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार व प्रसिद्ध उद्योगपति बहादुर अली, दामोदरदास मुंदड़ा, बल्देव सिंह भाटिया, चेंबर ऑफ कॉमर्स के श्रीचंद सुंदरानी, अजय भसीन, प्रांतीय अध्यक्ष सतीष खुराना की उपस्थिति में व्यापारियों की समस्या समाधान की चर्चा की जाएगी।
चेंबर ऑफ कॉमर्स के जिला अध्यक्ष कमलेश बैद ने बताया कि उक्त आयोजन का उद्देश्य व्यापारियों को एक छत के नीचे लाना है। उन्होंने बताया कि कल 21 मई को होने वाले जिले के समस्त दवा दुकान बंद में चेंबर ऑफ कॉमर्स का खुला समर्थन रहेगा। व्यापारियों द्वारा व्यापारियों के हित में उठाए जाने वाले हर कदम में चेंबर ऑफ कॉमर्स साथ रहेगा। उन्होंने बताया कि व्यापारियों द्वारा संचालित छोटे उद्योग से लेकर व्यापारियों के व्यापार कार्य में आने वाली अड़चनें के संबंध में वित्त मंत्री के सामने खुल कर बात की जाएगी और समाधान के मार्ग ढू़ंढे जाएंगे।
विभिन्न सत्रों में संपन्न होगा व्यापारिक महाधिवेशन
प्रेसवार्ता में बताया गया है कि 21 मई गुरूवार को पेंड्री स्थित राज इंपीरियल होटल में आयोजित व्यापारियों का जिला स्तरीय महाधिवेशन का उद्घाटन प्रात: 11 बजे होगा। इसके पूर्व प्रात: 9 बजे से रजिस्ट्रेशन प्रारंभ हो जाएगा। बीच में भोजन नास्ते पानी की व्यवस्था की गई है। इसके बाद 3 बजे दोपहर से व्यापारिक सत्र प्रारंभ किया जाएगा। कमलेश बैद ने बताया कि इस जिला स्तरीय व्यापारिक महाधिवेशन आयोजन के संबंध में विस्तृत जानकारी लेने के लिए राजकुमार बाफना और उत्तम गिडिय़ा से उनके मोबाइल से संपर्क किया जा सकता है।
ऑनलाईन सामान मंगाने पर रोक
प्रेसवार्ता में चेंबर ऑफ कॉमर्स के ज्ञानचंद बाफना, विनोद डड्ढा, सुनील कोटडिय़ा, अरुण डुलानी की उपस्थिति में कमलेश बैद ने कहा कि लोगों द्वारा बड़े-बड़े कंपनियों से इन लाइन सामान मंगाने से आफ लाइन व्यापार काफी प्रभावित हो रहा है। इस पर जागरूकता दिखाने की जरूरत है और देश प्रेम की भावना दिखाते हुए लोकल फार वोकल की भावना को चरितार्थ करते हुए आफ लाइन व्यापार को बढ़ावा देने की आवश्यकता उन्होंने जताई। उन्होंने बताया कि आज राज इंपीरियल होटल में आयोजित व्यापारिक सम्मेलन कार्यक्रम का पहला सत्र 2 घंटे का होगा। इसके बाद अन्य सत्रो में आगत अतिथियों के सामने व्यापारिक समस्याओ के बारे में खुलकर चर्चा की जाएगी और मिल-जुलकर समाधान ढ़ूंढे जाएंगे। उन्होंने इस महत्ती व्यापारिक सम्मेलन कार्यक्रम में शहर सहित जिले भर के सभी व्यापारी बंधुओं को अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होने की अपील की है।



