श्री सत्यनारायण मंदिर समिति द्वारा भक्ति, कथा, दीपोत्सव एवं भजन संध्या के विविध आयोजन
राजनांदगांव (दावा)। संस्कारधानी राजनांदगांव के प्राचीन एवं ख्याति प्राप्त भगवान श्री सत्यनारायण मंदिर में पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर 1 जून से 15 जून तक 15 दिवसीय नारायण महामहोत्सव का भव्य एवं भक्तिमय आयोजन किया जाएगा। आयोजन स्थल श्री सत्यनारायण धर्मशाला, कामठी लाईन रहेगा, जहां प्रतिदिन दोपहर 3:30 बजे से रात्रि 7 बजे तक विविध धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
मंदिर समिति के अध्यक्ष हरीश अग्रवाल, उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार अग्रवाल एवं राजेश शर्मा तथा कोषाध्यक्ष सुरेश अग्रवाल ने बताया कि भगवान श्री सत्यनारायण मंदिर वर्षों से श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। यहां भगवान श्री सत्यनारायण अपने भक्तों को दिव्य एवं मनमोहक दर्शन देकर उनकी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। मंदिर समिति द्वारा वर्षभर धार्मिक एवं सेवा कार्य निरंतर संचालित किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि पुरुषोत्तम मास जिसे अधिक मास भी कहा जाता है। प्रत्येक तीसरे वर्ष आता है और यह भगवान विष्णु को समर्पित माना जाता है। यह माह आध्यात्मिक शुद्धि, दान-पुण्य, तप, साधना, भक्ति एवं मोक्ष प्राप्ति के लिए अत्यंत श्रेष्ठ माना गया है। उत्सव प्रभारी लक्ष्मण लोहिया, श्याम खंडेलवाल, राजेश अग्रवाल (बालाजी) एवं विजय खंडेलवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि श्री सत्यनारायण मंदिर समिति द्वारा वर्ष 2010 से पुरुषोत्तम मास में दिव्य एवं भव्य धार्मिक आयोजन की परंपरा प्रारंभ की गई थी। इस वर्ष यह आयोजन अपने 6वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है।
भक्ति, कथा एवं उत्सवों की होगी विशेष श्रृंखला
15 दिवसीय नारायण महामहोत्सव के दौरान सुंदरकांड पाठ, पुरुषोत्तम मास महिमा व्याख्यान, जीण माता पाठ, शाकंभरी माता पाठ, श्रीराम चरित्र कथा, श्रीकृष्ण चरित्र कथा, शिव महिमा भजन, श्रीश्याम रसोत्सव, रानी सती दादी पाठ, होली उत्सव एवं 11 हजार दीपों से दीपोत्सव जैसे विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन भक्तिमय वातावरण में संपन्न होंगे। इसके साथ ही राजनांदगांव के ख्यातिप्राप्त भजन गायकों द्वारा प्रतिदिन भजन अमृत की वर्षा की जाएगी। जिससे श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होंगे। समिति के अनुसार 16वें दिन भगवान श्री सत्यनारायण कथा की पूर्णाहुति के साथ कार्यक्रम सम्पन्न होगा।



