Home छत्तीसगढ़ सागौन तस्करी पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो कर्मचारी निलंबित…

सागौन तस्करी पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो कर्मचारी निलंबित…

17
0

मोहला (दावा)। मोहला वनमंडल के देववाड़ी सर्कल अंतर्गत टाटेकसा बीट में सागौन पेड़ों की अवैध कटाई का बड़ा मामला सामने आया है। महाराष्ट्र सीमा से लगे जंगल क्षेत्र में दर्जनों पेड़ों की कटाई की पुष्टि होने के बाद वन विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार चौकी रेंज के देववाड़ी सर्कल स्थित टाटेकसा बीट में बड़े पैमाने पर सागौन पेड़ों की अवैध कटाई की सूचना वन विभाग को मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में करीब 45 नग सागौन तथा 15 नग अन्य प्रजाति के पेड़ों की कटाई पाए जाने की पुष्टि हुई। मौके से लगभग साढ़े 10 घन मीटर लकड़ी भी जब्त की गई है।

जांच के दौरान यह तथ्य भी सामने आया कि संबंधित कर्मचारियों को मामले की पूर्व जानकारी थी, बावजूद इसके समय रहते आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई। विभागीय लापरवाही मानते हुए तत्कालीन डिप्टी रेंजर सहित दो कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार कटे गए कई सागौन पेड़ काफी पुराने और कीमती थे। एक पेड़ की अनुमानित बाजार कीमत करीब एक लाख रुपए तक आंकी गई है। पूरे मामले में लगभग 13 लाख रुपए की रिकवरी तैयार की गई है। विभाग ने मामले में आगे की जांच और कार्रवाई जारी होने की बात कही है।
वनमंडलाधिकारी ने बताया कि जांच में लगभग 45 सागौन पेड़ों की कटाई सामने आई है। संबंधित कर्मचारियों की लापरवाही पाए जाने पर निलंबन की कार्रवाई की गई है तथा आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here