पराजय के भय से 8 करोड़ के विनाश को बता रहे विकास
राजनांदगांव (दावा)। नगर पंचायत घुमका के चुनाव में तय पराजय से भयभीत भाजपा द्वारा जारी संकल्प पत्र को कांग्रेस नेताओं ने जहां झूठ का पुलिंदा करार देते हुए इसे विकास में बाधा का भी प्रमाण बताते हुए मप्र व छग के पूर्व मंत्री धनेश पाटीला के मार्गदर्शन में विधायक हर्षिता बघेल एवं जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष किशन खंडेलवाल प्रदेश महामंत्री डॉ थानेश्वर पाटिला के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता रूपेश दुबे वार्ड प्रभारी जिला कांग्रेस महामंत्री हनी ग्रेवाल, पंकज बांधव, उपाध्यक्ष मन्ना यादव, हेमू सोनी, युवा नेता राहुल देवांगन आदि वार्ड के मतदाताओं से जीवन संपर्क कर भाजपा की महंगाई, खाद, बीज, महतारी वंदन के नाम पर छल को उजागर करते हुए आम जनता से कांग्रेस के पक्ष में मतदान की अपील की।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता रूपेश दुबे ने बताया घुमका नगर पंचायत के निर्माण और विकास में बाधा पहुंचाने का काम बीजेपी करती रही है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जी ने घुमका के भेंट मुलाकात में घुमका को विकास की मुख्यधारा से जोडऩे नगर पंचायत की घोषणा कर 9 अक्टूबर 2023 को राजपत्र में प्रकाशित कराया, लेकिन भाजपा सरकार आते ही इसे दबा कर पंचायत चुनाव में घुमका को जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 1 के रूप में शामिल कर परिसीमन कर दिया गया। कांग्रेस के मजबूत विरोध के चलते भाजपा सरकार को घुमका को पंचायत परिसीमन से अलग कर नगर पंचायत मान्य करने पर विवश हुई, लेकिन विकास पर बाधा पहुंचाने की साजिश कायम रही। जिसका प्रमाण गोपालपुर सडक़ निर्माण स्वीकृति के बाद रोका गया। घुमका में सीएसईबी के कनिष्ठ अभियंता कार्यालय को सोमनी ले गए। ढ़ाई साल के कार्यकाल की कोई उपलब्धि भाजपा की नहीं है। मात्र 8 करोड़ की राशि का दुरुपयोग हुई। क्योंकि विकास सामान्य जनता को भी नजर नहीं आ रहा है। अब हार की सुनिश्चिता से थोथा संकल्प पत्र रूपी बैसाखी से सत्ता का दुरुपयोग कर नगर पंचायत चुनाव की बैतरणी पार करने का असफल प्रयास कर रहे हैं।



