Home छत्तीसगढ़ घुमका में बरसे फिल्म स्टार व विधायक अनुज शर्मा, बोले- कांग्रेस का...

घुमका में बरसे फिल्म स्टार व विधायक अनुज शर्मा, बोले- कांग्रेस का घोषणा पत्र सिर्फ झूठ का पुलिंदा…

31
0

० बस स्टैंड की जनसभा में उमड़ा जनसैलाब, अनुज शर्मा ने छत्तीसगढ़ी गीतों और राम जयघोष से बांधा समा
० विधायक भावना बोहरा और सांसद संतोष पांडेय ने भी साधा निशाना, सनातन के अपमान पर कांग्रेस को घेरा


घुमका (दावा)। नगर पंचायत घुमका में 1 जून को होने वाले मतदान के लिए प्रचार के अंतिम दौर में भारतीय जनता पार्टी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन छत्तीसगढ़ी सिनेमा के सुपरस्टार और धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने घुमका बस स्टैंड पर एक विशाल आमसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का घोषणा पत्र केवल झूठ का पुलिंदा है। जिसमें सिर्फ प्रयास करने की बातें लिखी हैं। दूसरी ओर, भाजपा का संकल्प पत्र मोदी और साय की गारंटी है। जिसे हर हाल में पूरा किया जाता है।
अनुज शर्मा ने घुमका के सर्वांगीण विकास के लिए भाजपा के 15 पार्षद प्रत्याशियों और अध्यक्ष पद की प्रत्याशी किरण वर्मा के पक्ष में मतदान करने का आह्वान किया। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि पीएम आवास योजना के तहत पहले ग्राम पंचायतों में 1 लाख 30 हजार रुपये मिलते थे, जिसे भाजपा सरकार ने बढ़ाकर अब 2 लाख 82 हजार रुपये कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती भूपेश सरकार ने गरीबों के मकान रोके थे। जबकि विष्णुदेव साय की सरकार आते ही 18 लाख परिवारों को आवास स्वीकृत किए गए। जिनमें अकेले घुमका के 200 आवास शामिल हैं। जो लोग गोठान की जमीन और सरकारी एलईडी बल्ब तक खा गए। उनसे बड़े पद पर बैठकर विकास की क्या उम्मीद की जा सकती है? घुमका की जनता भ्रष्टाचार करने वालों को पहचान चुकी है।

छत्तीसगढ़ी संस्कृति और योजनाओं का गूंजा स्वर
भाजपा मीडिया सेल के अनुसार अपने लाडले अभिनेता और नेता अनुज शर्मा को देखने के लिए बस स्टैंड पर खचाखच भीड़ उमड़ी थी। अनुज शर्मा ने छत्तीसगढ़ महतारी की वंदना से अपने भाषण की शुरुआत की। उन्होंने छत्तीसगढ़ी लोकगीतों के माध्यम से भगवान श्रीराम का जयघोष किया। जिससे पंडाल में मौजूद लोगों का उत्साह चरम पर पहुंच गया। उन्होंने याद दिलाया कि भाजपा सरकार 3100 रूपए में धान खरीदी कर रही है और महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने की 1 से 5 तारीख के बीच बहनों के खातों में 1000 रूपए की राशि सीधे ट्रांसफर की जा रही है।

सनातन का अपमान हिंदू समाज कभी नहीं भूलेगा : भावना बोहरा
सभा को संबोधित करते हुए पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने अपनी विशिष्ट शैली में मातृशक्ति को नमन करते हुए किरण वर्मा को जिताने की अपील की। उन्होंने कांग्रेस नेताओं द्वारा पूज्य जगतगुरु रामभद्राचार्य और पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के प्रति अभद्र टिप्पणी किए जाने की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि सनातन धर्म का अपमान हिंदू समाज कभी बर्दाश्त नहीं करेगा। वहीं सांसद संतोष पांडेय ने अपने कार्यकाल के दौरान घुमका क्षेत्र में कराए गए करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि क्षेत्र में विकास का पहिया केवल भाजपा ही आगे बढ़ा सकती है। इस भव्य चुनावी सभा का सफल संचालन परदेसी सोनबोईर तथा भावेश बैद ने किया। सभा को भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रामजी भारती, कोमल जंघेल और चुनाव संयोजक मधुसूदन यादव ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से चुनाव प्रभारी ललित चंद्राकर, जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, डोंगरागढ़ विधानसभा प्रभारी जितेंद्र साहू, पूर्व विधायक विनोद खांडेकर, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, उपाध्यक्ष किरण साहू, किरण बारले, राजेश श्यामकर, राजगामी संपदा की अध्यक्ष पूर्णिमा साहू, मनोज निर्वाणी, जिला महामंत्री सौरभ कोठारी, डीकेश साहू, मोनू बहादुर सिंह, युवा मोर्चा अध्यक्ष चिंटू सोनकर, महिला मोर्चा अध्यक्ष पुष्पा गायकवाड़ सहित लूणकरण वर्मा, बहलराम वर्मा, नरेंद्र वर्मा, जनक साहू, ललित साहू एवं सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here