औद्योगिक विकास को मिलेगी नई गति, स्थानीय स्तर पर खुलेंगे रोजगार के द्वार… चयनित युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र
रायपुर/पुगुरुपल्ली (दावा)। पोल्ट्री और प्रोटीन सेक्टर की देश की अग्रणी कंपनी आईबी ग्रुप ने दक्षिण भारत में अपने विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम बढ़ाया है। ग्रुप ने आंध्र प्रदेश के पुगुरुपल्ली में अपने अत्याधुनिक ‘एबिस चिकन प्रोसेसिंग प्लांट’ के प्री-ऑपरेशन की औपचारिक शुरुआत कर दी है। इस ऐतिहासिक अवसर पर राज्य के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू मुख्य अतिथि के रूप में विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने प्लांट का औपचारिक शुभारंभ करते हुए कंपनी के इस प्रयास की सराहना की।

प्रदेश में पैदा होंगे रोजगार के नए अवसर-मुख्यमंत्री
संयंत्र का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि आंध्र प्रदेश में इस तरह के बड़े औद्योगिक निवेश से न केवल प्रदेश में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, बल्कि राज्य के औद्योगिक विकास को भी एक नई मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कंपनी द्वारा स्थानीय स्तर पर चयनित किए गए युवाओं को खुद अपने हाथों से नियुक्ति पत्र सौंपे। कंपनी प्रबंधन का भी मानना है कि इस परियोजना से स्थानीय युवाओं को सम्मानजनक रोजगार मिलेगा, जिससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी।

प्रति घंटे 12 हजार बर्ड्स की प्रोसेसिंग क्षमता
आईबी ग्रुप के प्रबंध निदेशक बहादुर अली ने प्लांट की तकनीकी विशेषताओं की जानकारी देते हुए बताया कि यह प्लांट पूरी तरह आधुनिक तकनीक और अंतरराष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है। उन्होंने बताया-‘‘इस प्लांट की क्षमता प्रति घंटे लगभग 12 हजार बर्ड्स की प्रोसेसिंग करने की है। हमारा मुख्य उद्देश्य ‘‘एबिस प्रो’’ ब्रांड के जरिए उपभोक्ताओं तक पूरी तरह से ट्रेसेबल, सुरक्षित और उच्च गुणवत्ता वाले प्रोटीन उत्पाद पहुंचाना है।’’
पोल्ट्री किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सीधा लाभ
कंपनी के अनुसार, इस नए प्लांट की स्थापना से आंध्र प्रदेश के पोल्ट्री सेक्टर को एक नई और सकारात्मक दिशा मिलेगी। स्थानीय पोल्ट्री किसानों को अब अपने उत्पादों के लिए एक बड़ा और बेहतर बाजार उपलब्ध होगा। साथ ही, इस परियोजना से बड़े पैमाने पर प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित हो रहे हैं, जो आने वाले समय में ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ को और मजबूत करेंगे।
दक्षिण भारत में बढ़ेगा कंपनी का दायरा
इस गरिमामय उद्घाटन समारोह में आईबी ग्रुप के प्रबंध निदेशक बहादुर अली के साथ डायरेक्टर (एचआर) तनाज़ अज़ीज़ सहित कंपनी के कई वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रगतिशील किसान और उद्योग जगत से जुड़ी प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि आंध्र प्रदेश का यह नया प्लांट दक्षिण भारतीय बाजारों में आईबी ग्रुप की मौजूदगी और बाजार हिस्सेदारी को बढ़ाने में एक मील का पत्थर साबित होगा।


