राजनांदगांव (दावा)। ‘‘नर सेवा ही नारायण सेवा है’’ और ‘‘परित्राणाय साधूनां’’ के ध्येय वाक्य को चरितार्थ करते हुए राजनांदगांव की बसंतपुर पुलिस ने संकट में फंसी एक बुजुर्ग महिला की मदद कर खाकी का मानवीय चेहरा पेश किया है। लगातार हो रही बारिश के बीच ठंड से कांप रही एक 75 वर्षीय बेसहारा वृद्ध महिला को पुलिस ने न सिर्फ सुरक्षित संरक्षण दिया, बल्कि नई साड़ी, भोजन और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराकर सकुशल उनके परिजनों तक पहुंचाया।
ग्रामीणों की सूचना पर तत्काल दौड़ी पुलिस
मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 06 जुलाई 2026 को ग्राम हल्दी के ग्रामीणों ने थाना बसंतपुर में सूचना दी कि एक बुजुर्ग महिला लगातार हो रही तेज बारिश में भीगते हुए और ठंड से कांपती हुई ग्राम हल्दी के सामुदायिक भवन के पास असहाय अवस्था में बैठी हुई है। सूचना मिलते ही बसंतपुर पुलिस बिना वक्त गंवाए तत्काल मौके पर पहुंची और बुजुर्ग महिला को अपने संरक्षण में लिया।

महिला स्टाफ ने पहनाई नई साड़ी, कराया भोजन
थाना बसंतपुर पुलिस ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए तत्काल बुजुर्ग महिला के लिए नई साड़ी की व्यवस्था की, जिसे महिला स्टाफ की मदद से ससम्मान पहनाया गया। इसके साथ ही बुजुर्ग महिला को गर्म भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे उन्हें ठंड से राहत मिली।
कोटवार के जरिए हुई पहचान, खैरागढ़ की रहने वाली है वृद्धा
जब पुलिस ने बुजुर्ग महिला से आत्मीयता पूर्वक पूछताछ की, तो उन्होंने अपना नाम पुसई बाई जोगी (75 वर्ष), पति स्वर्गीय समोलिया जोगी, निवासी ग्राम सोनेसरार, थाना खैरागढ़ बताया। इसके बाद बसंतपुर पुलिस ने तत्काल ग्राम सोनेसरार के कोटवार से संपर्क कर महिला की पहचान की पुष्टि की। जांच में सामने आया कि बुजुर्ग महिला पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान होकर अपने घर से निकल गई थीं और रास्ता भटक कर यहां पहुंच गई थीं।
एसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन में परिजनों को सौंपा
मामले की जानकारी तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन एवं निर्देशन तथा बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्परता दिखाई। पुलिस ने वृद्धा पुसई बाई जोगी को उनके परिजनों-बहू श्रीमती रामदुलारी जोगी एवं नाती अनोज जोगी-को बुलाकर सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया। काफी दिनों से लापता अपनी बुजुर्ग मां/दादी को सुरक्षित और सही-सलामत पाकर परिजनों की आंखें छलक आईं। उन्होंने राजनांदगांव पुलिस की इस मानवीय और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए एसपी महोदया एवं बसंतपुर पुलिस के प्रति सहृदय आभार व्यक्त किया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस सराहनीय और मानवीय कार्य में बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू, महिला प्रधान आरक्षक मेनका साहू, आरक्षक राजेश बंदेश्वर एवं आरक्षक रूपेन्द्र वर्मा की बेहद महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।
राजनांदगांव पुलिस की जनहित में अपील
‘‘यदि आपको कहीं भी कोई वृद्ध, असहाय, लावारिस अथवा संकटग्रस्त व्यक्ति दिखाई दे, तो उसकी सूचना तत्काल अपने निकटतम पुलिस थाने में दें या डायल 112 पर कॉल करें। आपकी एक छोटी सी सूचना किसी जरूरतमंद व्यक्ति की जान बचा सकती है और उसे उसके बिछड़े परिवार से मिला सकती है।’’



