Home News राजनांदगांव शहर में पुलिस की बड़ी दबिश: देर रात कॉम्बिंग गश्त कर...

राजनांदगांव शहर में पुलिस की बड़ी दबिश: देर रात कॉम्बिंग गश्त कर 89 गुंडे-बदमाशों को उनके घरों में चेकिंग, पुलिस ने दी सख्त चेतावनी..

92
0

0 एसपी अंकिता शर्मा के निर्देश पर 110 जवानों की 4 विशेष टीमों ने संभाला मोर्चा; चार थाना क्षेत्रों के संवेदनशील इलाकों में एक साथ हुई कार्रवाई

राजनांदगांव। शहर में अमन-चैन और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए जिला पुलिस ने अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में सोमवार, 13 जुलाई की रात 9 बजे से देर रात तक पूरे शहर में एक साथ व्यापक कॉम्बिंग गश्त (सघन चेकिंग अभियान) चलाया गया। इस अचानक हुई ताबड़तोड़ कार्रवाई से शहर के बदमाशों और उपद्रवियों में हडक़ंप मच गया। इस विशेष अभियान को अंजाम देने के लिए एएसपी कीर्तन राठौर के नेतृत्व में 5 राजपत्रित अधिकारियों के अंतर्गत 11 निरीक्षक, 2 उप निरीक्षक सहित कुल 110 पुलिस बल की 4 विशेष टीमें गठित की गई थीं। इन टीमों ने शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक साथ दबिश देकर कुल 89 गुंडा-बदमाशों, निगरानी बदमाशों, माफी बदमाशों, स्थाई वारंटियों और संदिग्धों के निवास स्थानों पर पहुंचकर उनकी भौतिक मौजूदगी की तस्दीक की। बदमाशों के घर पहुंची पुलिस, दी गई अंतिम हिदायत गश्त के दौरान पुलिस की टीमें सीधे चिन्हित अपराधियों और संदिग्धों के घरों के भीतर तक पहुंचीं। इस दौरान किशोर पंजी में दर्ज उन किशोरों की भी विशेष जांच की गई, जिनकी गतिविधियां संदिग्ध हैं या जो अपराध की राह पर चल पड़े हैं। सभी को पुलिस अधिकारियों द्वारा कड़े शब्दों में समझाइश दी गई कि वे भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों से दूर रहें। पुलिस ने साफ लहजे में हिदायत दी है कि सभी बदमाश रात में बेवजह बाहर न घूमें, समय पर अपने घरों में उपस्थित रहें और शराब का सेवन कर किसी भी प्रकार का विवाद या लड़ाई-झगड़ा न करें।

चार थाना क्षेत्रों के इन इलाकों में बरपा पुलिस का कहर यह विशेष कॉम्बिंग गश्त थाना कोतवाली, बसंतपुर, लालबाग और चौकी चिखली के अंतर्गत आने वाले विभिन्न संवेदनशील मोहल्लों और चौकों पर पूरी मुस्तैदी के साथ चलाई गई: थाना बसंतपुर क्षेत्र: कुआं चौक, नंदई चौक, इंदिरा नगर चौक, क्लब चौक, बसंतपुर, शिवनगर और बंगाली चॉल क्षेत्र में दबिश देकर कुल 20 गुंडा बदमाशों व असामाजिक तत्वों की सघन चेकिंग की गई। चौकी चिखली क्षेत्र: सोलाखोली, नवागांव, बापूटोला, स्टेशनपारा, गौरीनगर और मोतीपुर आदि क्षेत्रों में व्यापक जांच करते हुए 25 असामाजिक तत्वों को चेक किया गया। थाना कोतवाली क्षेत्र: लखोली सहित अन्य संवेदनशील इलाकों में कुल 16 गुंडा, निगरानी और माफी बदमाशों की गतिविधियों की तस्दीक की गई। थाना लालबाग क्षेत्र: पेंड्री बस्ती और पेंड्री अटल आवास जैसे क्षेत्रों में कॉम्बिंग गश्त कर कुल 28 असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी गई। राजनांदगांव पुलिस ने इस बड़ी कार्रवाई के माध्यम से शहर के भीतर सक्रिय सभी अपराधियों को एक स्पष्ट और कड़ा संदेश दे दिया है कि उनकी हर एक हरकत पर पुलिस की पैनी नजर है। शहर की शांति व्यवस्था को भंग करने वाली किसी भी अवैध या आपराधिक गतिविधि को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि कोई भी निगरानी या माफी बदमाश दोबारा किसी भी प्रकार के अपराध में संलिप्त पाया गया, तो उसके खिलाफ बिना किसी ढिलाई के सख्त से सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। जिला पुलिस ने आम जनता को आश्वस्त किया है कि सुरक्षा के लिहाज से इस प्रकार की आकस्मिक कार्यवाहियां आगे भी निरंतर जारी रहेंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here