Home छत्तीसगढ़ आज भगवान जगन्नाथ महाप्रभु की 87वीं भव्य रथयात्रा, नगर भ्रमण पर निकलेंगे...

आज भगवान जगन्नाथ महाप्रभु की 87वीं भव्य रथयात्रा, नगर भ्रमण पर निकलेंगे जगत के नाथ…

14
0

गांधी चौक से जूनी हटरी स्थित श्रीराम जानकी मंदिर तक निकलेगी शोभायात्रा, भक्तों के लिए सुबह 11 बजे से भंडारा प्रसादी, खींचेंगे महाप्रभु का रथ

राजनांदगांव (दावा)। भगवान जगन्नाथ महाप्रभु की भव्य रथयात्रा आज आषाढ़ शुक्ल द्वितीया16 जुलाई गुरुवार को बड़ी श्रद्धा-भक्ति के साथ धूमधाम से निकाली जाएगी। संस्कारधानी नगरी के गांधी चौक स्थित प्राचीन भगवान जगन्नाथ महाप्रभु के मंदिर से 87वीं रथयात्रा निकाली जाएगी। पारंपरिक रथ को भव्यता प्रदान की गई है। रथयात्रा धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है। इसमें शामिल होकर श्रद्धालु माता-बहने एवं बंधु महाप्रभु जगन्नाथ के दर्शन एवं आशीर्वाद का पुण्य लाभ प्राप्त करते है।

महाप्रभु का होगा विशेष श्रृंगार
श्री जगन्नाथ मंदिर रथयात्रा आयोजन समिति के प्रमुख महेश शर्मा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 16 जुलाई गुरूवार को गांधी चौक स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में सुबह 8 बजे से भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र एवं बहन सुभद्रा का विशेष श्रृंगार पूजन किया जाएगा। श्री शर्मा ने बताया कि पिछले वर्षों की भांति इस वर्ष भी श्रद्धालु भक्तों के लिए भंडारा प्रसादी सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक आयोजित है। शोभायात्रा के संदर्भ में बताया गया कि शोभयात्रा प्रारंभ होने के पूर्व दोपहर 2 बजे भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र, बहन सुभद्रा एवं सुदर्शन चक्र को भव्य रथ में विराजित किया जाएगा। पूजा-आरती के पश्चात दोपहर 2:30 बजे रथ की रस्सी को सैकड़ों भक्त माता-बहनों एवं बंधुओं द्वारा अपने हाथों से खींचा जाएगा। इसी के साथ रथयात्रा प्रारंभ होगी। इस दौरान संस्कारधानी की विभिन्न भजन मंडलियों के द्वारा सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। ढोल नगाड़े की थाप भी रथयात्रा की शोभा बढ़ाएगी। रथयात्रा धर्म, संस्कृति एवं आस्था के संगम से समाज में एकता, भाईचारे और सनातन संस्कृति के प्रति समर्पण का संदेश देती है।

रथयात्रा श्रीराम जानकी मंदिर पहुंचेगी
रथयात्रा नगर के गांधी चौक से दुर्गा चौक, बालगोविंद चौक, बसंतपुर थाना से सदर बाजार, भारतमाता चौक, तिरंगा चौक, रामाधीन मार्ग से श्री श्याम मंदिर गली से कामठी लाइन, भारतमाता चौक, आजाद चौक, महाकाल चौक से जयस्तंभ चौक भ्रमण करते हुए जूनी हटरी स्थित श्रीराम जानकी मंदिर पहुंचेगी। यहां जगत के नाथ का स्वागत पारंपरिक सनातन संस्कृति के अनुसार किया जाएगा। भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र एवं बहन सुभद्रा के साथ आषाढ़ शुक्ल एकादशी तक श्रीराम जानकी मंदिर में ही विराजेंगे एवं भक्तों को दर्शन देंगे। रथयात्रा के दौरान सुप्रसिद्ध गजा मूंग का प्रसाद भक्तो को प्राप्त होगा। आषाढ़ शुक्ल एकादशी तक भगवान का रथ इसी मंदिर के द्वार पर खड़ा रहेगा। एकादशी के दिन भगवान पुन: अपने रथ पर विराजमान होकर बाजे गाजे के साथ अपने गांधी चौक स्थित मंदिर में पधारेंगे। इस प्रकार भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा पूर्ण होगी। श्री जगन्नाथ रथ यात्रा आयोजन समिति ने नगर के धर्मप्रेमी माताओं-बहनों एवं बंधुओं से आग्रह किया है कि वे रथ यात्रा में शामिल होकर अपने हाथों से जगन्नाथ महाप्रभु के रथ को खींचकर अपनी मनोकामनाएं पूर्ण करें। जिन मार्गो से रथ निकलेगा उन मार्गों में निवासरत धर्म प्रेमी माता, बहने एवं बंधु अपने-अपने द्वार पर जगन्नाथ महाप्रभु का दर्शन पूजन कर प्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ प्राप्त कर सकते हैं।

इस्कॉन टीम द्वारा दी जाएगी नृत्य की प्रस्तुति
श्री जगन्नाथ रथयात्रा का कामठी लाइन स्थित बालाजी हार्डवेयर के सामने पहुंचने पर इस्कॉन टीम, रायपुर द्वारा भव्य नृत्य नाटिका की प्रस्तुति के साथ रथ में विराजमान भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र एवं बहन सुभद्रा का पूजन किया जाएगा एवं प्रसादी वितरण की जाएगी। श्री जगन्नाथ भगवान की शोभायात्रा जब कामठी लाइन में प्रवेश करेगी बालाजी हार्डवेयर के सामने इस्कॉन की टीम रायपुर द्वारा नृत्य नाटिका की प्रस्तुति के साथ रथ में विराजमान जगन्नाथ भगवान का पूजन किया जाएगा। उसके पश्चात प्रसादी वितरण की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here