Home छत्तीसगढ़ विभागीय लापरवाही और ठेकेदारों की अनदेखी का नतीजा : विद्युत पोल गिरा,...

विभागीय लापरवाही और ठेकेदारों की अनदेखी का नतीजा : विद्युत पोल गिरा, कार क्षतिग्रस्त, नपा कर्मी गंभीर घायल…

24
0

डोंगरगांव (दावा)। विभागीय लापरवाही और ठेकेदारों के काम की अनदेखी का नतीजा मुहल्लेवासियों की जान पर बन आई। जिसमें नगर के सदर लाईन में एक बिजली का पुराना लोहे का खंबा एक कार पर गिर गया। जिससे कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। वहीं नगर पंचायत का एक विद्युत कर्मचारी सीढ़ी से गिरकर बुरी तरह घायल हो गया है। जिसे स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में प्राथमिक उपचार पश्चात राजनांदगांव रिफर किया गया है। घटना 16 जुलाई गुरूवार की है। जब नगर के व्यस्त मार्ग पर हुए इस खतरनाक हादसे से पूरा मुहल्ला सहम गया है। सुबह करीब 11 बजे नगर पंचायत का कर्मचारी हौसला प्रसाद तिवारी बिजली खंबे पर स्ट्रीट लाईट सुधार के लिए चढ़ा था। इसी दौरान इसी खंबे से लगा हुआ अनुपयोगी खंबा अचानक वहीं रखे एक कार क्रमांक सीजी 08 एजे 0558 पर गिर पड़ा। अचानक हुए इस हादसे के चलते बिजली खंबे में सुधार कार्य कर रहे नगर पंचायत का कर्मचारी भी अपना नियंत्रण खो दिया और सीढ़ी से गिर पड़ा। इस दुर्घटना में हौसला प्रसाद तिवारी को कमर, पैर और हाथ में गंभीर चोट आई है। वहीं लोहे का खंबा गिरने से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद विद्युत विभाग डोंगरगांव के जेई श्रीकांत सिंग मौके पर पहुंचे और घटना स्थल पर पहुंची नगर पालिका अध्यक्ष अंजू त्रिपाठी को पूरी जानकारी दी। यह पुराना लोहे का खंबा नीचे से पूरी तरह से जर्जर हो चुका था, किन्तु जैसे तैसे खड़ा हुआ था। नगर पंचायत कर्मचारी के नये खंबे में चढऩे से हुई हलचल की वजह से यह खंबा गिरा है। वहीं श्रीमती त्रिपाठी ने अधिकारियों को नगर में लगे सभी जर्जर खंबों को हटाने के लिए कहा है, ताकि किसी के जानमाल की हानि न हो। उन्होंने बताया कि उनका एक जिम्मेदार कर्मचारी इस घटना में बुरी तरह घायल हुआ है और उसका इलाज करवाया जा रहा है।

कार मालिक खान ड्रेसेस के संचालक नईम खान एवं रईस खान ने बताया कि वे पारिवारिक कार्य से शहर से बाहर जाने की तैयारी में थे। अच्छा यह हुआ कि घटना के समय कार में कोई बैठा नहीं था। वहीं घटना स्थल के समीप ही मुहल्लेवासी नल से पानी भरते हैं। घटना के समय यहां कोई भी नहीं था। अन्यथा यह लोहे का खंबा जानलेवा साबित होता। विद्युत विभाग द्वारा मेंटेंनेंस के नाम पर आये दिन बिजली बंद किया जाता है, किन्तु इस तरह के छोटे-छोटे कार्यों को छोड़ दिया जाता है और यहीं आमजनों और राहगीरों के लिए जानलेवा सबित हो रहा है। सदर लाईन में कुछ वर्ष पहले नये पोल लगाए गए थे और उसमें लाईन शिफ्ट किया गया था, किन्तु पुराने अनुपयोगी पोल को विभाग द्वारा हटाया ही नहीं गया और आज यह हादसा सामने आया है। मुहल्ले में और भी अनेक इस तरह के पोल हैं, जो कभी भी गिर सकते हैं। जिसे तुरंत हटाया जाना चाहिए तथा विद्युत विभाग को मेरे नुकसान की भरपायी करनी चाहिए।
इस विषय में विभाग के ईई बीरबल उइके ने बिजली का खंबा गिरने के इस गंभीर विषय को मुहल्लेवासियों की उदासीनता और लापरवाही बताया है। उनका कहना है कि जब यह खंबा जर्जर हालत में था तो मुहल्लेवासी इसकी जानकारी विद्युत विभाग तक क्यों नहीं पहुंचायी? मुआवजे के प्रावधान के विषय में जानकारी लेने पर उन्होंने बताया कि यह जांच का विषय है कि खड़ा पोल अपने आप कैसे गिरा? मेरी जानकारी में निकाय का कर्मचारी पोल पर चढ़ा था। जिसकी वजह से खंबा गिरा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here