राजनांदगांव। श्री गौशाला पिंजरापोल राजनांदगांव द्वारा गौसेवा एवं गौसंवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए 30 जुलाई को प्रात: 11:30 बजे नवीन गौछाया परिसर के लोकार्पण तथा आधुनिक गौ-चिकित्सा एवं गौछाया परिसर के भूमिपूजन का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम गौशाला परिसर (जी.ई. रोड, स्टेडियम के पास) राजनांदगांव में आयोजित होगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. रमन सिंह होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के कृषि विकास एवं पशुपालन विकास मंत्री रामविचार नेताम करेंगे। विशिष्ट अतिथियों में सांसद संतोष पांडेय, महापौर मधुसूदन यादव, राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष विशेषर सिंह पटेल सहित समाजसेवी बलदेव सिंह भाटिया, सुरेशचंद कांकरिया, दानमल पोरवाल एवं जेठमल बोहरा उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर स्व. मनोहरचंद चोपड़ा की स्मृति में निर्मित नवीन गौछाया परिसर का लोकार्पण किया जाएगा। वहीं स्व. श्रीमती चंचलबाई आसकरण कोचर की स्मृति में आधुनिक गौ-चिकित्सा परिसर तथा स्व. श्रीमती फुलुबाई संपतलाल श्रीश्रीमाल की स्मृति में गौछाया परिसर का भूमिपूजन भी संपन्न होगा। प्रस्तावित पशु चिकित्सालय में बीमार एवं दुर्घटनाग्रस्त गोवंश के उपचार, ऑपरेशन, एक्स-रे तथा स्कैन जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान गौसेवा को जन-जन से जोडऩे के उद्देश्य से पुण्य की एसआईपी योजना का भी शुभारंभ किया जाएगा। इस योजना के अंतर्गत श्रद्धालु प्रत्येक माह अपनी इच्छानुसार एक निश्चित राशि सीधे गौशाला के खाते में जमा कर गौसंरक्षण के सतत अभियान में सहभागी बन सकेंगे। गौशाला समिति के अध्यक्ष खूबचंद पारख ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस पुण्य अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर गौसेवा के इस महायज्ञ में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें तथा गौमाता का आशीर्वाद प्राप्त करें।



