Home News जंतर-मंतर की तर्ज पर घुमका में कांग्रेसियों का जोरदार प्रदर्शन, धर्मेंद्र प्रधान...

जंतर-मंतर की तर्ज पर घुमका में कांग्रेसियों का जोरदार प्रदर्शन, धर्मेंद्र प्रधान का फूंका पुतला…

30
0

गांधी चौक से बस स्टैंड तक निकला पैदल मार्च, नीट पेपर लीक की निष्पक्ष जांच व शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

घुमका। नीट पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में जारी आक्रोश की आंच अब नगर पंचायत घुमका में भी देखने को मिली। जंतर-मंतर पर जारी छात्र आंदोलन के समर्थन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, क्षेत्र के युवाओं और ग्रामीणों ने गांधी चौक से बस स्टैंड तक विशाल पैदल मार्च निकाला तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता लाने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। आयोजित प्रदर्शन में घुमका नगर पंचायत एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवा व छात्र-छात्राएं बस स्टैंड के पास एकत्रित हुए। हाथों में पोस्टर व तख्तियां लेकर प्रदर्शनकारियों ने गांधी चौक से बस स्टैंड तक पैदल मार्च निकाला और शिक्षा व्यवस्था में सुधार व छात्रों के भविष्य की सुरक्षा के पक्ष में जमकर नारेबाजी की।
लाखों विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि नीट जैसी प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षा में पेपर लीक होना देश के लाखों होनहार विद्यार्थियों के भविष्य के साथ बड़ा अन्याय है। प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। नीट परीक्षा में हुई गड़बडिय़ों की निष्पक्ष जांच की जाए। दिल्ली (जंतर-मंतर) में आंदोलनरत छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और पुलिस कार्रवाई की जांच हो। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पद से तत्काल इस्तीफा दें। भविष्य में पेपर लीक रोकने के लिए पारदर्शी एवं मजबूत परीक्षा प्रणाली लागू की जाए। पेपर लीक सिंडिकेट और जिम्मेदार अधिकारियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई हो। प्रभावित अभ्यर्थियों को न्याय और उचित मुआवजा दिया जाए।
प्रदर्शन में विधायक हर्षिता स्वामी बघेल, फूलमती वर्मा, चंद्रेश वर्मा, दुर्गेश द्विवेदी, पीयूष, रामचंद्र वर्मा, पप्पू वर्मा, नवनीत सिंह राजपूत, रतन यादव, उषा वर्मा, डेरा वर्मा सहित बड़ी संख्या में युवा और नागरिक शामिल रहे। नेताओं ने स्पष्ट किया कि इस आंदोलन का उद्देश्य राजनीति से ऊपर उठकर केवल छात्रों के भविष्य की सुरक्षा और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराना है। जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती और परीक्षा प्रणाली पारदर्शी नहीं बनती, तब तक युवाओं की आवाज उठती रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here