Home छत्तीसगढ़ धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर कांग्रेस का जश्न : इसे छात्रों के...

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर कांग्रेस का जश्न : इसे छात्रों के संघर्ष और राहुल गांधी की जीत बताया…

41
0

० मानव मंदिर चौक पर शहर व ग्रामीण कांग्रेस ने की आतिशबाजी, निकाली भव्य रैली
० जितेंद्र मुदलियार व विपिन यादव बोले : राहुल गांधी के नेतृत्व में उठी आवाज के आगे झुकी केंद्र सरकार

राजनांदगांव (दावा)। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खबर के बाद शनिवार शाम शहर जिला कांग्रेस कमेटी और ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी ने संयुक्त रूप से मानव मंदिर चौक में जोरदार आतिशबाजी कर जश्न मनाया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर के प्रमुख मार्गों से रैली निकाली और इसे देश के करोड़ों छात्रों के संघर्ष, लोकतांत्रिक दबाव तथा विपक्ष की जीत करार दिया। मानव मंदिर चौक से शुरू हुई रैली सिनेमा लाइन, गुड़ाखू लाईन, जूनी हटरी होते हुए जयस्तंभ चौक पहुंची। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए विरोध दर्ज कराया और छात्रों के प्रति समर्थन व्यक्त किया।

राहुल गांधी की अगुवाई में मिली सफलता : जितेंद्र मुदलियार
शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा देशभर के छात्रों के लंबे संघर्ष और जनभावनाओं की जीत है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने नीट पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली की अनियमितताओं का मुद्दा संसद से लेकर सडक़ तक प्रमुखता से उठाया। राहुल गांधी के नेतृत्व में चले देशव्यापी अभियान के कारण ही केंद्र सरकार को यह फैसला लेने पर मजबूर होना पड़ा। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा प्रणाली में पूर्ण पारदर्शिता और जवाबदेही तय होने तक कांग्रेस का यह आंदोलन जारी रहेगा।

युवाओं के भविष्य के लिए संघर्ष रहेगा जारी : विपिन यादव
ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विपिन यादव ने कहा कि यह देश के करोड़ों युवाओं और छात्रों की आवाज की जीत है। कांग्रेस ने शुरू से ही इस मुद्दे को पूरी गंभीरता से उठाया है। यदि भविष्य में भी छात्रों के हितों की अनदेखी की गई, तो कांग्रेस सडक़ से लेकर सदन तक अपना आंदोलन और तेज करेगी। इस आयोजन में पूर्व मंत्री धनेश पाटिला, पूर्व विधायक छन्नी साहू, भुवनेश्वर बघेल, थानेश्वर पाटिला, प्रवीण मेश्राम, कमलजीत सिंह पिंटू, पूर्व अध्यक्ष रमेश राठौर, कुलबीर सिंह छाबड़ा, दिनेश शर्मा, पूर्व महापौर सुदेश देशमुख, हरिनारायण धकेता, रमेश डाकलिया, रूबी गरचा, अशोक पंजवानी, मामराज अग्रवाल, राहुल तिवारी, चूमन साहू, चेतन भानुशाली, लक्ष्मण साहू, प्रेम रूचंदानी, विनय झा, अशोक फडणवीस, वीरेंद्र चंद्राकर, ललित मरकाम, प्रकाश बाफना, अमरु झा, हेमंत ओस्तवाल सहित युवा कांग्रेस, एनएसयूआई व महिला कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here