विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने फ़ोन पर रजत पदक विजेता ज्ञानेश्वरी को बधाई दी, साथ भी उनके परिवार को इस जीत पर शुभकामनाएं व्यक्त की हैं

*राजनांदगांव, :* स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में राजनांदगांव की प्रतिभाशाली खिलाड़ी सुश्री ज्ञानेश्वरी यादव द्वारा रजत पदक जीतकर देश एवं छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने पर छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष एवं राजनांदगांव विधायक डॉ. रमन सिंह ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।
डॉ. रमन सिंह ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा कि “कॉमन वेल्थ गेम्स 2026 में हमारे राजनांदगांव की होनहार बेटी और खेलो इंडिया की एथलीट ज्ञानेश्वरी यादव जी ने वेटलिफ्टिंग में रजत पदक जीतकर पूरे विश्व में छत्तीसगढ़ महतारी का मान बढ़ाया है। उनकी यह ऐतिहासिक उपलब्धि देश के प्रत्येक युवा खिलाड़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। इस शानदार सफलता पर उन्हें हृदय से बधाई एवं सफलताओं के नव भविष्य के लिए अनंत शुभकामनाएँ। हम सभी को विश्वास है कि आप आगे भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से देश और प्रदेश का नाम रोशन करती रहेंगी।”
इसके साथ ही विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने रजत पदक विजेता ज्ञानेश्वरी यादव को फ़ोन पर बधाई देकर उनकी सराहना की और उनके परिजनों को इस सफलता पर अनेकानेक शुभकामनाएं व्यक्त की हैं।
आपको बता दें कि कुछ माह पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं राजनांदगांव विधायक डॉ रमन सिंह अपने स्वेच्छानुदान मद से सुश्री ज्ञानेश्वरी यादव को उनके खेल प्रशिक्षण एवं प्रतियोगी तैयारियों के लिए ₹1,00,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की थी, ताकि वे बिना किसी बाधा के अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ सकें। इसके साथ ही पूर्व में विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह जी की अनुशंसा पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी द्वारा 5 लाख रुपये की सहायता ज्ञानेश्वरी यादव को उपलब्ध करवाई गई थी।
आज उनकी यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि प्रतिभा को समय पर मिला सहयोग और निरंतर परिश्रम मिलकर बड़े से बड़े सपनों को साकार कर सकते हैं।


