० ‘सेवा संकल्प अभियान’ और ‘स्वच्छता ही सेवा’ के तहत जनसहभागिता से चला अभियान
० पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखरेख और संरक्षण जरूरी : महापौर
राजनांदगांव (दावा)। ‘सेवा संकल्प अभियान’ तथा ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़े के अंतर्गत नगर पालिक निगम द्वारा सफाई अभियान के साथ-साथ जनसहभागिता से पर्यावरण संरक्षण की गतिविधियां लगातार संचालित की जा रही हैं। इसी कड़ी में महापौर मधुसूदन यादव ने वार्ड अंतर्गत कौरिनभाठा तालाब के समीप पौधरोपण कर नागरिकों को स्वच्छता एवं हरित पर्यावरण का संदेश दिया। इस दौरान निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम सहित एमआईसी सदस्य, स्थानीय पार्षद और बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।
जल और पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण जरूरी : महापौर
पौधरोपण के उपरांत महापौर मधुसूदन यादव ने उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि संतुलित पर्यावरण और भावी पीढ़ी के सुरक्षित भविष्य के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना अत्यंत आवश्यक है। जलाशयों और तालाबों के निकट पौधरोपण करने से न केवल पर्यावरण समृद्ध होता है, बल्कि भूजल संरक्षण और जल स्रोतों के संवर्धन में भी मदद मिलती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पौधे लगाने की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब उनकी नियमित देखरेख और सुरक्षा की जाए। जिस प्रकार आम जनता की सक्रिय सहभागिता के बिना स्वच्छता अभियान सफल नहीं हो सकता, उसी प्रकार रोपे गए पौधों की सुरक्षा व पोषण के बिना हरियाली का संकल्प अधूरा है। उन्होंने स्थानीय पार्षद व वार्डवासियों से रोपे गए पौधों की सुरक्षा का जिम्मा लेने का आह्वान किया।
शहर को हरा-भरा बनाने निगम कर रहा स्थल चयन : आयुक्त
नगर निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम ने कहा कि नगर पालिक निगम द्वारा योजनाबद्ध तरीके से शहर के उपयुक्त स्थलों का चयन कर पौधरोपण कराया जा रहा है। विगत वर्षों में रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल का ही परिणाम है कि आज वे बड़े होकर वृक्ष का रूप ले रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर, दुकान व प्रतिष्ठान के सामने कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी सुरक्षा करे। जिससे पूरा शहर हरा-भरा और प्रदूषणमुक्त बन सके। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी सदस्य शैकी बग्गा, पार्षद सेवकराम उईके, पार्षद दुरेन्द्र साहू सहित नगर निगम का अमला एवं बड़ी संख्या में प्रबुद्ध वार्डवासी उपस्थित थे।


