
राजनांदगांव। नगर पालिक निगम के महापौर मधुसूदन यादव ने नवागांव स्थित सेनीटेशन पार्क का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां चल रहे ठोस अपशिष्ट प्रबंधन कार्यों तथा निर्माणाधीन कम्पोस्ट प्लांट की प्रगति का बारीकी से मुआयना किया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को सभी निर्माण व प्रबंधन कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए।
एसएलआरएम सेंटरों का होगा उन्नयन, मृत मवेशियों के निपटान के लिए लगेगा इन्सीनेरेटर
निरीक्षण के दौरान महापौर ने शहर के कचरा प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए एसएलआरएम (सॉलिड एंड लिक्विड रिसोर्स मैनेजमेंट) सेंटरों के उन्नयन पर बल दिया। उन्होंने मृत मवेशियों के वैज्ञानिक व सुरक्षित निपटान के लिए आधुनिक इन्सीनेरेटर स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि वातावरण दूषित न हो। इसके साथ ही परिसर में आवारा गौवंशीय पशुओं के प्रवेश को रोकने के लिए मजबूत बाउंड्रीवॉल का निर्माण कराने तथा कचरा संग्रहण को पर्यावरण-अनुकूल बनाने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
स्वच्छता और शासकीय राशि का सदुपयोग पहली प्राथमिकता: महापौर
महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना और नागरिकों को स्वच्छ व स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आधुनिक तकनीकों और सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ शासकीय राशि का पूर्ण सदुपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि स्वच्छता अभियान का वास्तविक लाभ शहर के हर नागरिक तक पहुंचे।




