0 पुराने सिक्के एवं नोट के बदले 37 लाख रुपये देने का झांसा देकर आरोपी द्वारा कुल 11,70,000 रुपये की ठगी,
0 फेसबुक एवं व्हाट्सएप के माध्यम से लोगों को ‘ओल्ड कॉइन/नोट’ के बदले लाखों रुपये मिलने का लालच देकर ऑनलाइन ठगी,
0 आरोपी ऑनलाइन धोखाधड़ी को अंजाम देने के लिए फर्जी सिम एवं अन्य व्यक्तियों के बैंक खातों का उपयोग करता था,
0 आरोपी के कब्जे से 09 मोबाइल फोन, 02 एटीएम कार्ड एवं रूपये 4000 नगद जब्त,
0 साइबर सेल एवं छुईखदान पुलिस की कार्यवाही,
(यतेन्द्र जीत सिंह “छोटू” ब्यूरो चीफ जिला खैरागढ़)
खैरागढ़(दावा)। साइबर फ्राड गिरोह का अंतरराज्यीय मास्टर माइंड को हरियाणा से गिरफ्तार किया गया। प्रार्थी नेताराम देवांगन, उम्र 39 वर्ष, निवासी पद्मावतीपुर, थाना छुईखदान द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई, कि उसके मोबाइल पर व्हाट्सएप के माध्यम से विभिन्न नंबरों से संदेश प्राप्त हुए, जिनमें पुराने सिक्के एवं नोट के बदले लाखों रुपये मिलने का प्रलोभन दिया गया। प्रार्थी ने लालच में आकर 5 का पुराना नोट भेजा, जिसके बदले उसे 37,94,000 रूपये देने का झांसा दिया गया। इसके बाद प्रोसेसिंग फीस, कस्टम फीस आदि के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करवाए गए। साथ ही नकद भेजने एवं पुलिस द्वारा पकड़े जाने का भय दिखाकर और पैसे वसूले गए।
इस प्रकार आरोपी द्वारा कुल 11,70,000 की धोखाधड़ी की गई। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना छुईखदान में अपराध क्रमांक 122/2026 धारा 318(4), 336, 338, 340 भा.दं.सं. एवं 66डी आईटी एक्ट कायम कर विवेचना में लिया गया।
रिपोर्ट के आधार पर अपराध दर्ज कर पुलिस द्वारा जांच प्रारंभ की गई। जांच में लगभग 20 बैंक खातों एवं 30-40 फर्जी सिम कार्ड का उपयोग पाया गया। तकनीकी विश्लेषण से आरोपी का लोकेशन हरियाणा राज्य के नूंह जिले में पाया गया। पुलिस टीम द्वारा हरियाणा जाकर स्थानीय पुलिस की सहायता से आरोपी मोहम्मद जाहिर शरीफ, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम डूंगेजा, थाना पिंगवा, जिला नूंह (हरियाणा) को गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपराध स्वीकार किया। घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन छिपाकर रखा गया था, जिसे बरामद कर लिया गया।
० ठगी करने का तरीका
सोशल मीडिया (फेसबुक, व्हाट्सएप) पर विज्ञापन देकर लोगों को फंसाना। रजिस्ट्रेशन फीस, प्रोसेसिंग फीस आदि के नाम पर पैसे लेना। नकदी के बंडल के फर्जी वीडियो दिखाना। डिलीवरी एवं पुलिस कार्रवाई का डर दिखाकर अतिरिक्त पैसे वसूलना आदि तरीका अपनाया जाता था। उक्त कार्यवाही में आरोपी के पास से 09 मोबाइल फोन, 02 एटीएम कार्ड, और 4000 नगद राशि जप्त की गई है।
आरोपी को बुधवार 15 अप्रैल को हरियाणा से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर लाया गया। शुक्रवार 17 अप्रैल को न्यायालय में प्रस्तुत कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। इस संपूर्ण कार्यवाही में साइबर सेल खैरागढ़ एवं थाना छुईखदान पुलिस टीम का विशेष योगदान रहा।



