रफ्तार का तांडव: बाइक को टक्कर मार 4 किलोमीटर तक घसीटती रही बेकाबू थार, युवक गंभीर रूप से घाय

छुईखदान। थाना क्षेत्र के ग्राम भुलाटोला के पास रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार बेकाबू थार ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक थार के अगले हिस्से में फंस गई और वाहन उसे करीब 4 किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गया। हादसे से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
घायल युवक की पहचान मिथलेश वर्मा (24 वर्ष), पिता रामझूल वर्मा, निवासी ग्राम कोटरीखोलवा, जिला कबीरधाम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मिथलेश अपनी पत्नी को उसके मायके ग्राम भुलाटोला छोड़कर बाइक से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान राधे होंडा शोरूम के सामने तेज रफ्तार थार वाहन क्रमांक CG 07 CS 1457 ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद भी थार नहीं रुकी और बाइक करीब 4 किलोमीटर तक घिसटती रही। आगे जाकर ग्राम डीमरीन कुआं के पास वाहन का टायर पंचर होने पर थार रुक गई। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों और राहगीरों ने वाहन को घेर लिया तथा उसमें सवार चार युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
घायल मिथलेश वर्मा को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, छुईखदान पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। हादसे में उसके दोनों पैरों और एक हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार, थार वाहन में सवार सतीश पांडे (वाहन मालिक), राज शर्मा, देव राव और संतोष कुमार, सभी निवासी भिलाई, से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वे रानी रश्मि देवी जलाशय घूमकर वापस लौट रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही छुईखदान पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए भीड़ को शांत कराया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चारों आरोपितों को हिरासत में लिया तथा घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उपचार शुरू कराया। स्थानीय लोगों ने समय पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई करने के लिए छुईखदान पुलिस की सराहना की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन से शराब की बोतलें भी मिलीं, जिससे चालक के नशे में होने की चर्चा है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल छुईखदान पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपितों के विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



